Thecha Tamatar pakoda Recipe: सर्दियों के मौसम में चाय के साथ ठेचा टमाटर पकौड़ा लोगों की नई पसंद बनता जा रहा है. तीखा, चटपटा और कुरकुरा स्वाद इसे पारंपरिक आलू और प्याज के पकौड़ों से अलग बनाता है. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से रसीला यह पकौड़ा खास तौर पर मसालेदार खाने के शौकीनों को खूब भा रहा है. कम समय में तैयार होने वाली यह रेसिपी अचानक आए मेहमानों के लिए भी एक परफेक्ट स्नैक ऑप्शन है, जिसे चटनी या दही के साथ परोसा जा सकता है.
बारिश की फुहारें हों या सर्दियों की ठंडी शाम, चाय के साथ गरमागरम पकौड़े हर किसी की पहली पसंद होते हैं. यूं तो आलू, प्याज और पालक के पकौड़े आमतौर पर हर घर में बनाए और खाए जाते हैं, लेकिन इन दिनों सर्दियों के मौसम में ठेचा टमाटर पकौड़ा की रेसिपी ने भी धूम मचा रखी है. जिसने पारंपरिक पकौड़ों की दुनिया में एक नया स्वाद जोड़ दिया है.

ठेचा टमाटर पकौड़ा अपने नाम की तरह ही स्वाद में भी दमदार है. इसका तीखा, चटपटा और अनोखा स्वाद इसे बाकी पकौड़ों से अलग बनाता है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से रसीला यह पकौड़ा खास तौर पर उन लोगों को पसंद आ रहा है, जिन्हें मसालेदार और तीखा खाना पसंद है. जो एक बार खाने के बाद लंबे समय तक याद रहता है.

ठेचा टमाटर पकौड़े की सबसे बड़ी खासियत इसका ठेचा है. ठेचा आमतौर पर हरी मिर्च, लहसुन और मूंगफली से तैयार किया जाता है, जो इसमें जबरदस्त तीखापन और देसी स्वाद लाता है. इस रेसिपी में ठेचा को दरदरा पीसा जाता है, ताकि उसका असली स्वाद बना रहे. हालांकि, जिन लोगों को ज्यादा तीखा पसंद नहीं है, वे हरी मिर्च की मात्रा कम करके इसे अपने स्वाद के अनुसार बना सकते हैं. यही लचीलापन इस रेसिपी को हर वर्ग के लोगों के लिए खास बनाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

रेसिपी एक्सपर्ट आशा देवी ने बताया कि ठेचा टमाटर पकौड़ा बनाने की विधि भी बेहद आसान है. सबसे पहले कढ़ाही में तेल गर्म कर मूंगफली, लहसुन, जीरा और हरी मिर्च को हल्का भून लिया जाता है. इसके बाद हरा धनिया और नमक डालकर इसे दरदरा पीस लिया जाता है. फिर टमाटरों को मोटे स्लाइस में काटकर हर स्लाइस के बीच थोड़ा-सा ठेचा भर दिया जाता है. अलग से बेसन, चावल का आटा, अजवाइन और मसालों का घोल तैयार कर इन स्लाइस को उसमें डुबोकर तल लिया जाता है.

स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस रेसिपी खास तरह से अलग से भी बनाया जा सकता हैं. अगर कोई व्यक्ति डीप फ्राइड खाना पसंद नहीं करता है, तो ठेचा टमाटर पकौड़ों को एयर फ्रायर या ओवन में भी तैयार किया जा सकता है. इससे स्वाद भी बना रहता है और तेल की मात्रा भी कम हो जाती है. यही कारण है कि यह रेसिपी युवाओं के साथ-साथ हेल्थ कॉन्शियस लोगों को भी खूब पसंद आ रही है. कम समय में बनने वाली यह डिश घर पर अचानक आए मेहमानों के लिए भी एक परफेक्ट ऑप्शन है.

परोसने की बात करें तो ठेचा टमाटर पकौड़े पुदीने की चटनी, दही की डिप या सादे दही के साथ बेहद स्वादिष्ट लगते हैं. अगर साथ में गरमागरम मसाला चाय मिल जाए, तो स्वाद दोगुना हो जाता है. यह रेसिपी मात्र 15 मिनट में तैयार हो जाती है और शाम के स्नैक्स से लेकर फेस्टिव मौके के स्टार्टर तक हर जगह फिट बैठती है. पारंपरिक पकौड़ों से हटकर यह नया स्वाद लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बना रहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.