Shahi Mushroom Recipe: मलाई, काजू और खास मसालों की ग्रेवी से तैयार शाही मशरूम आपके डिनर को खास बना देगा. घर पर आसानी से बनने वाली यह डिश रेस्टोरेंट के स्वाद को मात देती है. इसे नान या लच्छा परांठे के साथ परोसें. यह मेहमानों और परिवार के लिए एक बेहतरीन जायका है.
मशरूम सेहत के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है. इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. जो शरीर को ताकत देते हैं. यही वजह है कि आजकल लोग मशरूम को अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं. मशरूम की सब्जी स्वाद में जितनी लाजवाब होती है, उतनी ही आसानी से पच भी जाती है. कोई इसे ग्रेवी में खाना पसंद करता है तो किसी को ड्राई मशरूम ज्यादा भाती है.

मशरूम से बनने वाली कई स्वादिष्ट डिशेज में से एक है शाही मशरूम. जैसा नाम है, वैसा ही इसका स्वाद भी एकदम शाही होता है. मलाई, काजू और खुशबूदार मसालों से तैयार यह सब्जी खास मौकों पर डिनर का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. अगर आपने अब तक घर पर शाही मशरूम नहीं बनाई है, तो यह रेसिपी आपके लिए बहुत आसान साबित होगी.

शाही मशरूम बनाने के लिए सबसे पहले जरूरी सामग्री तैयार कर लें. इसके लिए आपको मशरूम, प्याज, टमाटर, मटर, अदरक, हरी मिर्च, मलाई, घी, काजू का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और कसूरी मेथी की जरूरत होगी. सारी सामग्री पहले से तैयार रखने से खाना बनाना और भी आसान हो जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सबसे पहले मशरूम को हल्के गुनगुने पानी में डालकर अच्छी तरह साफ कर लें, ताकि उसमें लगी मिट्टी निकल जाए.इसके बाद मशरूम को मनचाहे आकार में काट लें. अब प्याज, टमाटर और हरी मिर्च को बारीक-बारीक काट लें. अदरक को भी छोटे टुकड़ों में काटकर अलग रख दें.

अब एक कड़ाही में घी डालकर मीडियम आंच पर गर्म करें. जब घी पिघल जाए तो उसमें कटे हुए प्याज डालें और हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद इसमें अदरक, हरी मिर्च और टमाटर डाल दें.इस मिश्रण को 2 से 3 मिनट तक भूनें, जब तक टमाटर नरम न हो जाएं. अब गैस बंद कर दें और इस मिश्रण को ठंडा होने दें.

ठंडा होने के बाद इस प्याज-टमाटर के मिश्रण को मिक्सर में डालकर एक स्मूद पेस्ट बना लें. अब फिर से कड़ाही में थोड़ा सा तेल डालें और धीमी आंच पर काजू का पेस्ट डालकर भूनें. इसके बाद इसमें मटर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं.मटर के हल्का पक जाने पर इसमें तैयार किया हुआ प्याज-टमाटर का पेस्ट डाल दें.

जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब इसमें कटे हुए मशरूम डालकर अच्छे से मिक्स करें.अब जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर लगभग 5 मिनट तक पकने दें. इससे मशरूम अच्छे से गल जाएंगे और ग्रेवी का स्वाद भी बढ़ जाएगा.

अंत में इसमें एक कप मलाई डालकर करछी से अच्छी तरह मिला लें. ऊपर से कसूरी मेथी डालकर खुशबू और स्वाद बढ़ाएं. इसे 1 मिनट और पकाकर गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट और शाही अंदाज वाली शाही मशरूम तैयार है. इसे गरमागरम नान, रोटी या पराठे के साथ परोसें और पूरे परिवार के साथ इसके लाजवाब स्वाद का आनंद लें.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.