Jamshedpur Famous Pakora: जमशेदपुर के ओल्ड कोर्ट रोड पर राजकुमार यादव के चना दाल पकौड़े खाने लोग दूर-दूर से आते हैं. सिंपल रेसिपी, साफ-सफाई के साथ परोसे जाने वाले यह पकोड़े चटनी के साथ बेहतरीन लगते हैं. कीमत कम है और स्वाद में दम है.
बेहद सिंपल तरीके से होते तैयार
राजकुमार बताते हैं कि उनके पकौड़ों की खासियत सादगी में ही छुपी है. पकौड़ों में न कोई ज़्यादा मसाला, न कोई बनावटी स्वाद. केवल चना दाल, हींग, नमक और हरी मिर्च – बस इतने से ही वह ऐसा स्वाद तैयार कर देते हैं, जो सीधे दिल तक पहुंच जाता है. गरमा-गरम तेल में तले गए ये पकौड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं.
इन चीजों से डबल होता स्वाद
पकौड़ों के साथ मिलने वाली हरी मिर्च, धनिया-पुदीना और टमाटर की चटनी इस स्वाद को दोगुना कर देती है. ठंडी हवा में जब लोग चाय के साथ इन पकौड़ों का आनंद लेते हैं, तो माहौल ही कुछ और हो जाता है. खास बात यह है कि राजकुमार साफ-सफाई को लेकर कोई समझौता नहीं करते. वह बताते हैं कि आज इस्तेमाल किया गया तेल अगले दिन दोबारा नहीं लिया जाता, जिससे स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखा जा सके.
रतन टाटा के बड़े प्रशंसक
राजकुमार यादव सिर्फ अपने पकौड़ों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी सोच के लिए भी लोगों को प्रभावित करते हैं. वह देश के जाने-माने उद्योगपति रतन टाटा के बड़े प्रशंसक हैं. अपनी दुकान पर वह रोजाना रतन टाटा की तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ाते हैं और पूजा करते हैं. यह बात राह चलते लोगों को भी आकर्षित करती है और उनकी दुकान एक अलग पहचान बना चुकी है.
कीमत भी वाजिब
यहां नाश्ता करने आए राहुल बताते हैं, “ऐसा स्वाद शायद पूरे जमशेदपुर में कहीं और नहीं मिलता. इसलिए हम दोस्त हर शाम यहीं आते हैं. सिर्फ अपने लिए ही नहीं, बल्कि घर वालों के लिए भी पैक कराकर ले जाते हैं, क्योंकि उन्हें भी यही पकौड़े पसंद हैं.”
सबसे खास बात यह है कि इतनी गुणवत्ता और स्वाद के बावजूद कीमत बेहद किफायती है. महज ₹20 में 10 बड़े-बड़े चना दाल के पकौड़े मिल जाते हैं. यही वजह है कि सर्दियों की हर शाम ओल्ड कोर्ट रोड पर राजकुमार यादव के गरमा-गरम पकौड़े लोगों की पहली पसंद बन चुके हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.