आमतौर पर चाय का रंग काला या हल्का भूरा होता है. चाय प्रेमी अक्सर रंग देखकर ही समझ जाते हैं कि चाय कच्ची है या पूरी तरह पकी हुई लेकिन, धनबाद में मिलने वाली गुलाबी चाय इस सोच को बदल देती है. गुलाबी रंग की यह चाय न केवल देखने में आकर्षक है, बल्कि स्वाद में भी खास है. धनबाद स्टेशन रोड पर हनुमान मंदिर के सामने स्थित तंदूरी चाय नामक दुकान पर यह खास गुलाबी चाय पिछले करीब 12 वर्षों से परोसी जा रही है.
दुकान के संचालक इबादत हुसैन बताते हैं कि वे लंबे समय से धनबादवासियों और यात्रियों को इस अनोखी चाय का स्वाद चखा रहे हैं. खासकर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बिहार के विभिन्न इलाकों से आने वाले यात्री इस चाय को देखकर पहले हैरान होते हैं और फिर शौकिया इसे जरूर चखते हैं. गुलाबी चाय की कीमत 25 रुपये प्रति प्याली रखी गई है. इसे मिट्टी के कुल्हड़ में परोसा जाता है, जिससे चाय की सोंधी खुशबू और स्वाद और भी निखरकर आता है. कुल्हड़ की खुशबू के साथ गुलाबी चाय का स्वाद लोगों को खास अनुभव देता है, यही वजह है कि ग्राहक आराम से बैठकर इसका आनंद लेते हैं.
इबादत हुसैन के अनुसार गुलाबी चाय को तैयार करने में करीब 15 मिनट का समय लगता है. इसकी सबसे खास बात इसका सीक्रेट मसाला है. इसे 3 से 4 दिन पहले तैयार किया जाता है और यह लगभग एक सप्ताह तक इस्तेमाल किया जाता है. इसमें करीब 12 प्रकार के मसाले मिलाए जाते हैं जो गुलाबी चाय के स्वाद और सुगंध को खास बनाते हैं. इसी सीक्रेट मसाले के कारण चाय का रंग गुलाबी होता है और उसकी खुशबू दूर से ही लोगों को दुकान की ओर खींच लाती है.
उन्होंने बताया कि केवल गुलाबी चाय तैयार करने में लगभग 5 किलो दूध की खपत होती है. जिससे 70 से 80 कप गुलाबी चाय बनाई जाती है. इसके अलावा करीब 1 किलो चीनी 100 ग्राम पिस्ता-बादाम, 100 ग्राम काजू और 50 ग्राम किशमिश का इस्तेमाल होता है. सूखे मेवों की वजह से चाय का स्वाद और भी रिच और खास हो जाता है. गुलाबी चाय के अलावा ‘तंदूरी चाय’ दुकान पर चॉकलेट चाय, तंदूरी चाय, ग्रीन टी और आम चाय भी उपलब्ध है. यहां ग्राहकों की पसंद के अनुसार चाय उनके सामने ही तैयार की जाती है, जिससे ताजगी और भरोसा दोनों बना रहता है.
धनबाद में गुलाबी चाय अब केवल एक पेय नहीं बल्कि एक अनुभव बन चुकी है. अनोखा रंग, खुशबू और स्वाद तीनों मिलकर इस चाय को खास बनाते हैं और यही वजह है कि चाय प्रेमियों के बीच इसका क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.