सबसे पहले दोनों साग को कर लें ठीक से साफ
कुकिंग एक्सपर्ट शालिनी बताती हैं कि सबसे पहले आपको बथुआ साग लेना होगा और पालक भी ले लीजिए. ध्यान रहे, दोनों को अच्छे से धो लेना है, क्योंकि कई बार काफी मिट्टी लगी होती है. आप चाहें तो एक बार गुनगुने पानी में भी धो लें, तो ज्यादा अच्छा रहेगा. अच्छे से धोने के बाद छोटे-छोटे पीस में इसे काट लीजिए. कई बार लोग कटे हुए साग को ज्यादा पीसा हुआ खाना पसंद करते हैं, तो कुछ लोग गर्म पानी में उबालकर मिक्सी में पीस लेते हैं, आपका जैसा मन हो वैसा कर सकते हैं.
ऐसे होता है तैयार
इसके बाद कढ़ाई चढ़ाएं और उसमें दो चम्मच तेल डालिए. ज्यादा तेल की इसमें जरूरत नहीं पड़ती. आप एक चम्मच तेल में भी बना सकते हैं. इसमें खड़ा मसाला, राई का फोरन और थोड़ा सा जीरा डालकर हल्का पका लीजिए. फिर बारीक कटा हुआ प्याज डाल लीजिए और उसे गोल्डन फ्राई कर लीजिए. अब आपको एक मसाला तैयार करना है, जिसमें एक प्याज, एक टमाटर और थोड़ा सा अदरक-लहसुन लें. इन सभी को मिक्सी में पीसकर कढ़ाई में डालें और इसे भी गोल्डन फ्राई कर लीजिए.
धीमी आंच पर भूनें मसाला
जब मसाला अच्छे से पक जाए, तो जो पीसकर रखा हुआ बथुआ और पालक का पेस्ट है, उसे इसमें डाल दीजिए और इसे अच्छे से ढककर कम से कम 15 से 20 मिनट तक पकाइए. जब यह अच्छे से पक जाए, तो इसके बाद आप चाहें तो इसमें दो-चार पीस पनीर भी डाल सकते हैं, इससे खाने में और स्वाद बढ़ जाएगा. या फिर थोड़ा सा उबला और फ्राई किया हुआ आलू भी डाल दीजिए. इससे इसकी मात्रा भी बढ़ जाती है.
इसके बाद स्वादानुसार नमक डाल दीजिए और थोड़ा सा मिक्स मसाला डालकर 5 मिनट और पका लें, फिर गैस बंद कर दीजिए. लीजिए, बनकर तैयार है एकदम चटपटा और स्वादिष्ट साग.
अलग-अलग तरह से होता है तैयार
कुछ लोग पिसे हुए साग के बजाय कटा हुआ साग ज्यादा पसंद करते हैं. ऐसे में जब मसाला गोल्डन फ्राई हो जाए, तो उसमें कटा हुआ पालक और बथुआ डाल दीजिए और अच्छे से भून लीजिए. ये दोनों बहुत जल्दी पक जाते हैं. करीब 15 मिनट तक हल्की आंच पर पकाइए. 15 मिनट बाद देखेंगे कि आपका साग बनकर तैयार है. नमक डालना मत भूलिएगा और गरमा-गरम चावल के साथ सर्व कीजिए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.