Amla Jaggery Barfi Recipe: सर्दियों में कमजोर इम्युनिटी और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आंवला और गुड़ की देसी रेसिपी बेहद फायदेमंद मानी जाती है. विटामिन-C से भरपूर आंवला और शरीर को गर्म रखने वाला गुड़ जब मसालों और देसी घी के साथ पकाया जाता है, तो यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पाचन, ऊर्जा और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है. यह खून की कमी दूर करने सहित बालों और त्वचा को स्वस्थ रखने तथा सर्दी-खांसी से बचाव में भी सहायक है.
सर्दियों का मौसम शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और पोषण की जरूरत देता है. इस मौसम में इम्युनिटी कमजोर होने लगती है, सर्दी-खांसी, जोड़ों में दर्द और पाचन से जुड़ी समस्याएं आम हो जाती हैं. ऐसे में देसी और आयुर्वेदिक चीज़ों को डाइट में शामिल करना बेहद फायदेमंद होता है. आंवला और गुड़ का संयोजन सर्दियों के लिए किसी अमृत से कम नहीं माना जाता है.

आंवला विटामिन-C का सबसे अच्छा प्राकृतिक स्रोत है, वहीं गुड़ शरीर को गर्माहट और ताकत देता है. जब इन दोनों को देसी मसालों और घी के साथ पकाया जाता है, तो यह रेसिपी सिर्फ स्वाद में ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी बहुत लाभकारी बन जाती है. यह आंवला गुड़ रेसिपी खासतौर पर सर्दियों में रोज़ाना थोड़ी मात्रा में खाने के लिए बेहतर विकल्प है.

गृहिणी सीता देवी ने बताया कि खाना खाने के बाद थोड़ा मीठा खाने की इच्छा होती है. इसके लिए घर पर आंवले से एक बढिया मीठी रेसिपी बनाई जा सकती है. इस स्वादिष्ट और पौष्टिक रेसिपी के लिए आवश्यक सामग्री में 500 ग्राम आंवला, 250-300 ग्राम गुड़, 1 छोटा चम्मच देसी घी, सौंफ, हींग, काला नमक, हल्दी, काली मिर्च, सोंठ पाउडर, इलायची पाउडर, लाल मिर्च और थोड़े से मेलन सीड्स की आवश्यकता होती है. ये सभी सामग्री आसानी से घर में उपलब्ध हो जाती हैं और रेसिपी को और भी पौष्टिक बनाती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धोकर उबाल लें. ठंडा होने पर इनके बीज निकालकर कद्दूकस कर लें. अब एक पैन में देसी घी डालें, उसमें हींग और सौंफ डालकर हल्का भून लें ताकि खुशबू आने लगे. इसके बाद कद्दूकस किया हुआ आंवला पैन में डाल दें और धीमी आंच पर चलाते हुए पकाएं.

अब इसमें गुड़ डालें और उसे धीरे-धीरे पिघलने दें. जैसे ही गुड़ मेल्ट होने लगे, एक मीठी-सी खुशबू आने लगेगी. इस समय हल्दी, सोंठ, काली मिर्च, लाल मिर्च, इलायची पाउडर और काला नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. मिश्रण जब थोड़ा गाढ़ा हो जाए तब इसमें मेलन सीड्स डालकर 2-3 मिनट और पकाएं. गैस बंद करके इसे ठंडा होने दें. इसे ब्रेड पर लगा कर या रोटी के साथ खा सकते हैं.

आंवला गुड़ की यह रेसिपी सर्दियों में इम्युनिटी बढ़ाने, पाचन सुधारने और शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करती है. यह खून की कमी दूर करने, बालों और त्वचा को स्वस्थ रखने तथा सर्दी-खांसी से बचाव में भी सहायक है. रोज़ाना थोड़ी मात्रा में इसका सेवन शरीर को ताकत देता है और सर्दियों में ऊर्जा बनाए रखता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.