मौसम विभाग ने झारखंड में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तर भारत की ओर से आ रही बर्फीली हवाओं के असर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर चल रही है। रांची समेत 14 जिलों में आज शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी कि
रांची समेत 14 जिलों में आज शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, गुरुवार से कुछ इलाकों में राहत मिलने के संकेत हैं, लेकिन फिलहाल लोगों को सर्द हवाओं और गिरते तापमान से सावधान रहने की जरूरत है। दिन के समय भी ठंड का असर बना रहेगा। सुबह-शाम घना कोहरा परेशान करेगा।
रात के पारे में तेज गिरावट, कई जिलों में ठिठुरन
राज्य में रात का तापमान लगातार नीचे लुढ़क रहा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में 4.9 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। रांची के मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान रहा।

गुमला में पारा 2.2 डिग्री, हजारीबाग में 3.8 डिग्री, खूंटी में 3.7 डिग्री और कोडरमा में 3.9 डिग्री दर्ज किया गया। डालटनगंज का न्यूनतम तापमान भी 4.6 डिग्री तक आ गया। पांच जिलों में पारा पांच डिग्री से नीचे और 14 जिलों में 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।
कोहरा और सर्द हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त
घने कोहरे और तेज सर्द हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में सुबह 11 बजे के बाद ही सूर्य के दर्शन हो सके। सड़क और रेल यातायात पर भी कोहरे का असर देखा गया। दिन में भी कनकनी महसूस की जा रही है, जिससे लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।

गुरुवार को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में ही शीतलहर की चेतावनी रहेगी।
बुधवार यानी आज रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गुमला और खूंटी में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में ही शीतलहर की चेतावनी रहेगी।
डॉक्टरों ने अलर्ट रहने की दी सलाह
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, क्षोभमंडल के निचले स्तरों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की हवाओं के कारण तापमान में यह गिरावट आई है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक और गिर सकता है। इसके बाद दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है।

वहीं रिम्स के फिजिशियन डॉ. संजय सिंह ने बताया कि ठंड के कारण बुखार, सांस की तकलीफ, अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बुजुर्गों में हाइपोथर्मिया, हार्ट और ब्लड प्रेशर से जुड़ी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। उन्होंने लोगों को गर्म कपड़े पहनने, ठंडे पानी से परहेज करने, संतुलित आहार लेने और किसी भी लक्षण पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.