झारखंड में फिलहाल मौसम का मिजाज स्थिर बना रहेगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में अगले एक सप्ताह तक सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। मौसम शुष्क रहने की वजह से कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है, लेकिन दोपहर बाद मौसम सामान्य हो जाएगा। तापमान में होगी हल्की बढ़ोतरी, ठंड से राहत मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में भी सुबह हल्का कोहरा और बाद में आंशिक बादल छाए रहने की स्थिति बन सकती है। हालांकि ठंड का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन तापमान बढ़ने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिलेगी। मौसम विभाग ने साफ किया है कि इस दौरान किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। 9-12 डिग्री के बीच रहेगा रांची का पारा रांची और आसपास के इलाकों की बात करें तो 25 जनवरी तक सुबह कोहरा या धुंध रहने और बाद में आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम पूर्वानुमान पदाधिकारी के अनुसार शुष्क मौसम के कारण फिलहाल ठंड से जुड़ी किसी विशेष चेतावनी की आवश्यकता नहीं है। हालांकि सुबह के समय वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को कोहरे के कारण सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खूंटी में रहा सबसे कम तापमान बीते 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.4°C चाईबासा में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2°C अधिक रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.1°C खूंटी में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4°C अधिक है। जबकि न्यूनतम तापमान 8.4°C रहा। जमशेदपुर और डालटनगंज में भी दिन का पारा बढ़ा और अधिकतम तापमान क्रमशः 28°C व 28.8°C रहा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में कई जगहों पर 2.1 से 4.0°C तक की वृद्धि देखी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.