Saree Wholesale Business: साड़ी का बिजनेस करना चाहते हैं तो पहले मार्केट रिसर्च जरूर कर लें. थोक बाजार सूरत में है, जहां से विक्रेता होलसेल में माल ले आते हैं और फिर लोकल मार्केट में ज्यादा दाम में बेचकर पैसा कमाते हैं. 25 साल से यह काम कर रहे अमित कुमार ने बताया कि साड़ी बिजनेस में कौन-कौन सी सावधानियां जरूरी हैं.
शुरुआत से ही तैयारी जरूरी
रांची के अपर बाजार के जाने-माने थोक साड़ी विक्रेता अमित कुमार बताते हैं कि वह पिछले 25 सालों से साड़ी का कारोबार कर रहे हैं और होलसेल में साड़ी बेचते हैं. उनके यहां 100 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक की साड़ियां मिल जाती हैं. वह कहते हैं कि इस कारोबार में सफल होने के लिए शुरुआत से ही सही तैयारी जरूरी है.
बाजार का रुख समझना बहुत जरूरी
सबसे पहले रिसर्च करना जरूरी है. मतलब यह कि आप कहां दुकान खोलना चाहते हैं. अगर आप रांची या जमशेदपुर में दुकान खोलना चाहते हैं तो वहां की महिलाओं और लड़कियों की पसंद समझनी होगी. वे किस तरह की साड़ी पहनना पसंद करती हैं, कौन सा फैब्रिक और कौन सा डिजाइन ज्यादा चलता है. इसके लिए बाजार में घूमकर ध्यान से देखना चाहिए. अगर जरूरत हो तो कुछ महिलाओं से सीधे बात करके उनकी पसंद जाननी चाहिए. कम से कम दो से तीन महीने तक बाजार को समझना बहुत जरूरी है.
अगर बिना बाजार की पसंद समझे साड़ी बेचने लगेंगे तो बिक्री नहीं होगी. ग्राहकों को कुछ और चाहिए और आप कुछ और बेचेंगे तो फायदा नहीं होगा. मान लीजिए कि किसी शहर में सिल्क फैब्रिक, हल्की और खास डिजाइन की साड़ियां ज्यादा पसंद की जाती हैं, तो उसी हिसाब से माल खरीदना चाहिए.
सूरत है बड़ा बाजार
अमित कुमार बताते हैं कि साड़ियों के लिए सूरत को बड़ा बाजार माना जाता है. वहां अलग-अलग तरह की साड़ियां किफायती दाम पर मिल जाती हैं. कई जगह 60 रुपये से भी साड़ी की शुरुआत हो जाती है. लेकिन वहां से खरीदारी करते समय भी यह ध्यान रखना जरूरी है कि अपने शहर की पसंद के अनुसार ही माल लिया जाए. इसके लिए दो-तीन बार बाजार का चक्कर लगाना पड़ सकता है. सही समझ बनने के बाद ही खरीदारी करनी चाहिए.
ईमानदारी से ही करें कमाई
वह यह भी कहते हैं कि किसी भी बिजनेस में ईमानदारी सबसे जरूरी है. जिस साड़ी का जो उचित दाम हो, उसी के अनुसार कीमत रखनी चाहिए. बहुत ज्यादा मुनाफा या बहुत कम दाम दोनों ही ठीक नहीं हैं. अगर आप ग्राहकों का भरोसा जीत लेते हैं तो व्यापार धीरे-धीरे बढ़ता ही जाता है. सही रिसर्च, सही खरीदारी और ईमानदारी से काम करने पर साड़ी का कारोबार अच्छी तरह चल सकता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.