रांची रेलवे स्टेशन की दक्षिण दिशा में निर्मित द्वितीय प्रवेश द्वार मार्च से नई स्टेशन बिल्डिंग के साथ परिचालन में आ जाएगा। यह जानकारी रांची रेलमंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पिस्का, लोहरदगा और मुरी स्टेशन अमृत भारत योजना के तहत उन्नत पुनर्विकास के चरण में हैं। ये परियोजनाएं न केवल यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाएंगी, बल्कि रांची शहर के विकास में नई गति और दिशा भी प्रदान करेंगी। डीआरएम ने कहा कि मंडल रेल अस्पताल को 40 से बढ़ाकर 60 बिस्तरों में तब्दील किया गया है। जनवरी से दिसंबर 2025 तक कुल 185.91 लाख यात्री मंडल में यात्रा कर चुके हैं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 176.67 लाख थी। यात्रियों की संख्या में 5.23 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, यात्री खंड से 466.33 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.60% अधिक है। यात्रियों के लिए सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 16 एटीवीएम फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा रांची स्टेशन में जुलाई-2025 और हटिया स्टेशन में सितंबर 2025 से पारंपरिक क्लॉक रूम के स्थान पर डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा भी शुरू हो गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.