NIA Action In Jharkhand: एनआईए ने मगध जोन में नक्सलियों को फिर से सक्रिय करने की साजिश रचने वाले फरार आरोपी चंदन कुमार को मुंबई से गिरफ्तार किया है. वह संगठन के लिए फंड और हथियार जुटाने का मुख्य आरोपी था.
गिरफ्तार आरोपी चंदन कुमार मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले का निवासी है. वह सीपीआई (माओवादी) का एक सक्रिय सदस्य है. संगठन के रणनीतिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था. एनआईए की जांच के मुताबिक, चंदन का मुख्य काम संगठन के लिए फंड जुटाना, पुराने और ठंडे पड़ चुके कैडरों को फिर से जोड़ना और आतंकी गतिविधियों की योजना बनाना था.
यह पूरा मामला साल 2021 (RC-05/2021/NIA/RNC) का है. एनआईए ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इस केस को दर्ज किया था. जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ था कि नक्सली नेता मगध क्षेत्र (गया, औरंगाबाद, जहानाबाद आदि) में अपने प्रभाव को दोबारा स्थापित करने के लिए एक बड़ी साजिश रच रहे थे. इस साजिश के तहत ठेकेदारों और व्यापारियों से लेवी (अवैध वसूली) वसूल कर बड़ा फंड इकट्ठा किया गया. हथियार और गोला-बारूद खरीदने के साथ-साथ IED (विस्फोटक) बनाने की ट्रेनिंग की योजना बनाई गई. वसूली गई रकम को मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए सफेद करने और आतंकी घटनाओं में इस्तेमाल करने की तैयारी थी.
जेल से रची जा रही थी खौफनाक साजिश
एनआईए की जांच में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि चंदन और उसके साथी जेलों में बंद नक्सलियों और ‘ओवर ग्राउंड वर्कर्स’ (OGWs) के साथ लगातार संपर्क में थे. इनका मकसद जेल के भीतर और बाहर के नेटवर्क को जोड़कर बड़ी आतंकी वारदातों को अंजाम देना था. एनआईए इस मामले में पहले ही प्रद्युम्न शर्मा, योगेंद्र रविदास और धनंजय पासवान जैसे 5 मुख्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है.
चंदन कुमार की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी. रांची स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने अक्टूबर 2023 में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था. उसे आधिकारिक रूप से फरार घोषित कर दिया था. अपनी पहचान छुपाकर वह मुंबई में शरण लिए हुए था, लेकिन एनआईए के तकनीकी सर्विलांस ने आखिरकार उसे दबोच लिया. इस गिरफ्तारी को झारखंड और बिहार में माओवादी नेटवर्क की कमर तोड़ने की दिशा में एक बड़ी जीत माना जा रहा है. एनआईए अब चंदन कुमार से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि मुंबई या अन्य शहरों में उसके और कौन-कौन से मददगार छिपे हुए हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.