राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी मल्लार कोचा से लापता हुए मासूम भाई-बहन को रांची पुलिस ने 13 दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया है। 2 जनवरी को 7 साल का अंश कुमार अपनी 6 साल की बहन अंशिका कुमारी के साथ घर से दुकान जाने के दौरान लापता हो गया
वहीं पुलिस के लिए भी यह मामला चुनौती बन गया था। बच्चों की तलाश में रांची पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। पहले जानकारी देने वाले के लिए 51 हजार रुपए इनाम की घोषणा की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 2 लाख रुपए कर दिया गया। पुलिस ने बच्चों की तस्वीर के साथ पोस्टर जारी कर आम लोगों से सहयोग की अपील भी की थी।
एसएसपी के नेतृत्व में टीम को मिली बड़ी सफलता
एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम को आखिरकार बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने दोनों लापता बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय इनपुट और लगातार की जा रही निगरानी के आधार पर बच्चों के ठिकाने का सुराग मिला। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चितरपुर में छापेमारी कर दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
परिजनों ने ली राहत की सांस, जांच जारी
बच्चों की सकुशल बरामदगी की खबर मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं इलाके में भी खुशी का माहौल देखा गया। पुलिस अब इस पूरे मामले में यह जांच कर रही है कि बच्चों को किस उद्देश्य से ले जाया गया था और इसके पीछे कोई गिरोह तो सक्रिय नहीं था। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। रांची पुलिस ने इस दौरान आम लोगों के सहयोग की भी सराहना की है। पुलिस के मुताबिक बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता थी। इसी वजह से पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.