Jharkhand Aaj Ka Mausam: झारखंड में ठंड के ‘यू-टर्न’ से कनकनी बढ़ गई है. रांची का न्यूनतम तापमान गिरकर 6.2 डिग्री पर पहुंच गया है, जबकि 13 जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे है. हिमालयी बर्फबारी के कारण अगले एक हफ्ते तक राहत की उम्मीद नहीं है. सुबह घने कोहरे और 50 मीटर विजिबिलिटी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
हिमालयी बर्फबारी का असर
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, हिमालयी क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी और वहां से आ रही ठंडी हवाओं का सीधा असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है. इस शीत लहर का प्रभाव फिलहाल अगले एक हफ्ते तक बना रहेगा. आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज में 8.02 डिग्री, खूंटी में 8.6 डिग्री, जबकि लातेहार और लोहरदगा में पारा 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के कम से कम 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है. जिनमें खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़, पलामू और रांची मुख्य रूप से शामिल हैं.
कोहरा और विजिबिलिटी का संकट
ठंड के साथ-साथ कोहरे ने भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं. खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और रांची जैसे जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर तक रह सकती है. मौसम विभाग ने वाहन चालकों और ट्रिप प्लान करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और सूर्योदय के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी है. हालांकि, दिन के अधिकतम तापमान में बहुत बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है; यह 25 से 27 डिग्री के बीच बना रहेगा, जबकि जमशेदपुर में पारा 29 डिग्री तक जा सकता है.
बुजुर्गों और किसानों के लिए विशेष गाइडलाइंस
बदलते मौसम और बढ़ती कनकनी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों और बच्चों को खास सतर्कता बरतने को कहा है. वहीं, मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को भी सचेत किया है कि वे अपनी फसलों को पाले और अधिक ठंड से बचाने के लिए उचित प्रबंध करें. अचानक गिरते तापमान की वजह से फसलों को नुकसान होने का अंदेशा बना रहता है.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| रांची | 25 | 9 | 88 |
| जमशेदपुर | 29 | 11 | 125 |
| धनबाद | 26 | 10 | 184 |
| बोकारो | 27 | 9 | 150 |
| पलामू | 27 | 7 | 120 |
नोट- ये आंकड़े शुक्रवार के हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.