Jharkhand Weather Today: झारखंड में बर्फीली हवाओं और शीतलहर के कारण 13 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी है, जहां पारा 3-5°C तक गिर गया है. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 17 जनवरी से तापमान बढ़ेगा और 19 जनवरी तक कनकनी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रांची, पलामू, गढ़वा, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, रामगढ़ और हजारीबाग समेत 13 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. इन क्षेत्रों में पिछले चार दिनों से न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है.
जानें राजधानी रांची का हाल
ठंड का असर इस कदर है कि लोग खुद को गर्म रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं. राजधानी रांची की गलियों में लोग लकड़ी की कमी के कारण टायर और अन्य बेकार सामान जलाकर अलाव तापते नजर आ रहे हैं. बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कई जिलों में कक्षा छठवीं तक के सभी स्कूलों को शनिवार तक बंद रखने का निर्देश दिया है. साथ ही, प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और ठंड के प्रति सतर्क रहने की अपील की है. विशेषकर बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए यह सनसनाती हवाएं घातक साबित हो सकती हैं.
राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में स्थिति में सुधार के संकेत दिए हैं. रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 17 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है. वहीं, 18 और 19 जनवरी तक तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है. 19 तारीख के बाद शीतलहर का प्रभाव कम होगा और रात में महसूस होने वाली कनकनी से लोगों को काफी हद तक निजात मिलेगी. हालांकि, तब तक मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को पूरी सावधानी बरतने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| रांची | 22 | 9 | 180 |
| जमशेदपुर | 26 | 9 | 176 |
| धनबाद | 24 | 9 | 188 |
| बोकारो | 23 | 7 | 185 |
| पलामू | 24 | 5 | 189 |
नोट- ये आंकड़े गुरुवार के हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.