प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल के पांच वर्ष पूरे कर लिए हैं। विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में विवि में 24 गुना विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। बताया कि आज के पांच साल पहले जहां विवि परिसर में केवल 125 छात्र-छात्राएं अध्ययनतर थे, वहीं आज 3026 छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। पांच साल पहले विवि में केवल दो संकाय संचालित थे लेकिन आज आज सात संकाय संचालित हैं।
आगे उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में स्थापित इस विश्वविद्यालय से वर्तमान में 700 से अधिक संबद्ध महाविद्यालय हैं, जहां पांच लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। शिक्षण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए परिसर में 108 ‘स्मार्ट क्लासरूम’ तैयार किए गए। इसके अतिरिक्त छात्रों को लिए कंप्यूटर लैब, डिजिटल लैब, ई-लाइब्रेरी और ई-एक्सेस की सुविधाएं भी दी गई हैं। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल मैदान, जिम, योग और थेरेपी सेंटर संचालित हैं। वर्तमान में लगभग 200 छात्र और 150 छात्राएं परिसर के छात्रावासों में रह रहे हैं। परिसर में दो नए छात्राओं के हॉस्टल का निर्माण कार्य चल रहा है।