आईपीएल के आगामी मुकाबलों को लेकर राजस्थान रॉयल्स की टीम का जयपुर पहुंचना शुरू हो गया है। टीम के सबसे कम उम्र के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सोमवार सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट से जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके अनोखे अंदाज ने सभी का ध्यान खींचा। टी-शर्ट पर गमछा डाले वैभव सूर्यवंशी अपने अलग स्टाइल की वजह से खासे चर्चा में रहे। इससे पहले रविवार शाम को टीम के मुख्य कोच कुमार संगकारा भी जयपुर पहुंच चुके हैं। संगकारा मंगलवार से टीम के साथ अभ्यास सत्र शुरू करेंगे। उनका लक्ष्य अपने अनुभव और रणनीति के दम पर टीम को इस बार आईपीएल में खिताब दिलाने का है।
जानकारी के अनुसार टीम के प्रमुख ऑलराउंडर रवीन्द्र जडेजा भी जयपुर पहुंच चुके हैं। वे सड़क मार्ग से यहां पहुंचे और टीम के साथ जुड़ गए हैं। इस बार वे टीम की बल्लेबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस सीजन में संजू सैमसन आरआर टीम का हिस्सा नहीं हैं, वे इस बार चैन्नई सुपरकिंग्स टीम का हिस्सा है। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की जिम्मेदारी और संतुलन बनाए रखने में रवीन्द्र जडेजा की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। टीम के अन्य खिलाड़ी भी जल्द ही जयपुर पहुंचने वाले हैं, जिसके बाद पूरी टीम यहां अभ्यास शुरू करेगी। आगामी मुकाबलों से पहले राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी सवाई मानसिंह स्टेडियम में प्रैक्टिस कर अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगे। टीम प्रबंधन और फैंस को उम्मीद है कि इस बार टीम दमदार प्रदर्शन करते हुए खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदारी पेश करेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.