जयपुर में शुक्रवार दोपहर राजस्थान रोडवेज की चलती बस में आग लगने से दशहत फैल गई। आग लगने के दौरान बस में मौजूद 70 सवारियों ने बाहर निकल अपनी जान बचाई। मानसरोवर फायर स्टेशन से पहुंची दो दमकलों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग से बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल गई। मानसरोवर फायर स्टेशनकर्मी ने बताया- जयपुर के सिंधीकैम्प से राजस्थान रोडवेज की बस केकड़ी जाने के लिए शुक्रवार दोपहर रवाना हुई थी। रोडवेज बस में केकड़ी जाने के लिए 70 यात्री सवार थे। दोपहर करीब 2:40 बजे मानसरोवर रिको चौराहे से सांगानेर की ओर जाते समय अचानक चलती बस में आग लग गई। धुंआ निकलने के साथ ही आग की लपटे चलती बस से उठती दिखाई दी। आग की लपटों से बस को दौड़ते देखकर राहगीरों व सवारियों में दहशत फैल गई। ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। बस में सवार सभी सवारियों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप लेकर पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग से वायर से होते हुए इंजन तक पहुंच गई। रोडवेज बस में आग लगने की सूचना पर फायर स्टेशन से दो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर बिग्रेड स्टॉफ ने करीब आधे घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से रोडवेज बस जलकर पूरी तरह कबाड़ में बदल गई। हादसे में किसी व्यक्ति के झुलसने या चोटिल होने की बात से इनकार किया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.