जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस ने 6 किलो से अधिक एमडीएमए ड्रग्स, 3 किलो अफीम और एक पिस्तौल सहित तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी शामिल है।
एसपी हरी शंकर ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियारों और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार और वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेस-वे पर कोहला पुल के पास गश्त व नाकाबंदी के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों संतोष पुत्र जगदीश (31) और रमेशचंद्र उर्फ शंकर पुत्र भागीरथ राम (24) के कब्जे से 6 किलो 117 ग्राम एमडीएमए, 3 किलो 11 ग्राम अफीम, एक पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। दोनों आरोपी फलौदी (राजस्थान) के निवासी हैं। रमेशचंद्र हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ नशा तस्करी, हथियार तस्करी और मारपीट के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। मामले की जांच थानाधिकारी अशोक बिश्नोई कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: बाड़मेर में ड्रग फैक्टरी का भंडाफोड़, 80 करोड़ की एमडी जब्त; भारी मात्रा में सामग्री बरामद
पुलिस के अनुसार यह हनुमानगढ़ जिले में एमडीएमए तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। इस सफलता से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। एसपी हरी शंकर ने टीम को बधाई देते हुए अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं।
बाड़मेर में भी एमडी ड्रग्स फैक्टरी का खुलासा
इधर बाड़मेर जिले में भी छापामारी के दौरान अवैध एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्टरी से करीब 40 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने फैक्टरी से ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में रसायन, मशीनें और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।इस पूरी सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 85 करोड़ रुपये बताई गई है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि राजस्थान पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आक्रामक रणनीति के साथ काम कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.