सलूम्बर जिले के सराडी गांव स्थित प्रसिद्ध ईडाणा माताजी शक्ति पीठ में रविवार को एक धर्मशाला का भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। यह धर्मशाला जनजाति विकास योजना मद से निर्मित होगी। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के जनजाति मंत्री बाबू लाल खराड़ी, विधायक शांता देवी मीणा और जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने किया पूजन
शक्ति पीठ के प्रधान आचार्य अंबालाल शर्मा और गायत्री धाम के पंडितों के मार्गदर्शन में कैबिनेट मंत्री बाबू लाल खराड़ी एवं अन्य अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से शिला एवं भूमि पूजन संपन्न करवाया। मंत्री बोले- सरकार तीर्थों के विकास के लिए प्रतिबद्ध
इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री बाबू लाल खराड़ी ने कहा-डबल इंजन की भाजपा सरकार श्रद्धा केंद्रों, तीर्थों और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राजस्थान को धार्मिक पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की सरकार मंदिरों और तीर्थ स्थलों के आसपास जन सुविधाओं के विस्तार, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, सीवरेज, सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण हेतु रोडमैप बनाकर काम कर रही है। जिलाध्यक्ष बोले-विकास में कमी नहीं रखी जाएगी
जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने अपने संबोधन में कहा कि ईडाणा माताजी शक्ति पीठ के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में शक्ति पीठ की कनेक्टिविटी और परिवहन सुविधाओं के साथ-साथ अन्य विकास कार्य भी करवाए जाएंगे। विधायक शांता देवी मीणा ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ विरासत के संरक्षण के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रतिबद्धता से काम कर रही है। प्रतीक चिन्ह और श्रीफल भेंट कर किया सम्मानित
समारोह में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अतिथियों का प्रतीक चिन्ह, श्रीफल भेंट कर और साफा, उपराणा पहनाकर स्वागत किया। शक्ति पीठ के प्रधान आचार्य अंबालाल शर्मा ने ट्रस्ट द्वारा करवाए गए कार्यों की जानकारी दी और भविष्य में श्रद्धालुओं की सुविधाओं हेतु प्रस्तावित विकास योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लव व्यास ने किया। ये रहे मौजूद
इस अवसर पर समाजसेवी भीम सिंह सिसोदिया,जिला सह प्रवक्ता नाथू भाई कोलावत,उप प्रधान देवेंद्र सिंह अजबावत,मंडल महामंत्री लालू राम पटेल,पूर्व मंडल अध्यक्ष यशवत त्रिवेदी,जिला कार्यसमिति सदस्य शंकर भील समेत गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी रही ।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.