देशभर में LPG की किल्लत पर राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने अगले 10 दिन में हालात सामान्य होने का दावा किया है। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में उन्होंने कहा- मैं मानता हूं शुरुआत के कुछ दिन पैनिक बुकिंग के चलते गैस वितरक कंप
मैंने खुद भी उस समय बुकिंग करवाने का प्रयास किया था तो नहीं हुई। लेकिन कुछ घंटों बाद बुकिंग फिर से चालू हो गई। विभाग के अधिकारी जाकर इनकमिंग सिलेंडर और आउटगोइंग सिलेंडर की लाइव मॉनिटरिंग कर रहे हैं। लगातार एक्शन ले रहे हैं। इसलिए कालाबाजारी करने वाले माफिया को कोई मौका नहीं मिल पा रहा।
विपक्ष के धरना-प्रदर्शनों पर कहा कि कांग्रेस नेपथ्य में इसीलिए जा रही है कि ऐसे अवसरों पर राजनीति करती है। पॉलिटिक्स के लिए आपको कई अवसर मिलते हैं। ऐसे अवसरों पर पॉलिटिक्स नहीं होनी चाहिए। पढ़िए यह इंटरव्यू…
सवाल : राजस्थान में लोगों के बीच LPG, पेट्रोल आदि को लेकर स्टॉक खत्म होने की आशंका है? एक भ्रम की स्थिति बनी हुई है?
जवाब : देखिए, प्रदेश में कहीं भी डीजल, पेट्रोल या गैस की कोई किल्लत नहीं है। आप भी राजस्थान में कहीं पर भी चले जाइए किसी भी पेट्रोल पंप पर कोई भीड़ नहीं हैं और सभी सामान्य दिनों की ही तरह डीजल और पेट्रोल ले रहे हैं। हां, गैस की समस्या जो रही, उसके लिए ही भारत सरकार ने कमर्शियल गैस की बिक्री पर रोक लगाई है। अब उसमे भी छूट आने वाली है। जल्दी ही हालात सामान्य हो जाएंगे।
सवाल : अमेरिका-ईरान में पहले से टेंशन चल रही थी, इस तरह के संकट का पहले से अंदाजा नहीं था क्या? जवाब : इस तरह की समस्या तो पूरे विश्व में हुई है। राजस्थान और भारत ही नहीं बल्कि इसका असर तो पूरी वैश्विक परिस्थिति पर पड़ा है। भारत में तो जैसे ही हमारी सरकार को लगा कि आगे हालात विकट हो सकते हैं तो पेट्रोलियम एवं गैस मंत्रालय ने थोड़े दिनों के लिए कमर्शियल गैस सप्लाई की बिक्री पर रोक लगा दी। हालांकि इसमें भी एजुकेशन इंस्टीट्यूट्स और हॉस्पिटल को अलग रखा गया। अब हमें लगता हैं कि अगले 10 दिनों में स्थितियां सामान्य हो जाएंगी।
सवाल : आप कह रहे हैं समस्या नहीं है, घरेलू LPG की ऑनलाइन बुकिंग बंद हो गई है और लोग ब्लैक में हजार-हजार रुपए ज्यादा देकर सिलेंडर ले रहे हैं?
जवाब : ये बात आपकी सही है, देखिए… बुकिंग में जो एक साथ लोड पड़ा उसके चलते सर्वर ही क्रैश हो गया, यह हकीकत है। मुझे इसे स्वीकार करने में कोई गुरेज नहीं है। पेट्रोलियम कंपनियों के पास पूरे भारत से जो मास बुकिंग हुई, उससे उनका सर्वर क्रैश हुआ। हालांकि अब मेरी जानकारी के अनुसार सब सही से चल रहा है। 12 मार्च की सुबह तो मैंने खुद ने भी बुकिंग का प्रयास किया था लेकिन नहीं हो पाई थी। इसके बाद मैंने उसी शाम में दुबारा प्रयास किया तो बुकिंग हो गई थी। अब जो भी बुकिंग हो रही है, उन्हें अगले 3 से 5 दिन में गैस की डिलीवरी भी मिल रही है।
सवाल : LPG सिलेंडरों को लेकर हो रही कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार क्या सख्त कदम उठा रही है?
जवाब : विभाग के सभी छोटे-बड़े अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। राजस्थान भर में लगातार कार्रवाई भी हो रही है। अधिकारी मौके पर जाकर इनकमिंग सिलेंडर और आउटगोइंग सिलेंडर की लाइव मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसी के चलते अब स्थिति सामान्य की ओर जा रही है।
अब कुछ लोग जिन्होंने सिलेंडर बुकिंग नहीं करवाया और सीधे एजेंसी पर जा रहे हैं, उन्हें मैं निवेदन करूंगा कि आपको गैस एजेंसी पर जाने की कोई जरूरत नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग अब हो रही है और इसमें दो सिलेंडर के बीच जो पहले 21 दिन का अंतराल था वो अब शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और गांवों में 45 दिन का है। बुकिंग होते ही 2 से 5 दिन में सभी लोगों को सिलेंडर मिल रहे हैं।
हमारी हेल्पलाइन (14435181) चौबीस घंटे चालू है, किसी को भी कोई समस्या होने पर वो यहां बताएं। अधिकारी खुद मौके पे पहुंच रहे हैं और उपभोक्ता की हर समस्या का समाधान कर रहे हैं। आमजन को कोई भी पैनिक करने की जरूरत नहीं हैं और गैस की कोई भी कमी नहीं हैं।

सवाल : बुकिंग अंतराल शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण में 45 दिन कर दिया गया है, क्या इससे डिलीवरी में और देरी नहीं होगी?
जवाब : अगले दस दिन में सब सामान्य हो जाएगा। आप खुद भी देखिए कि दो दिन पहले की स्थिति में और आज की स्थिति में फर्क है। पहले लोगों ने पैनिक बुकिंग ऐसे करवाई कि जैसे- मान लीजिए किसी जॉइंट फैमिली में दो सिलेंडर भरे हुए हैं। दो खाली पड़े हैं तो उसने दो खाली सिलेंडर की भी बुकिंग करवा ली कि कल को कोई दिक्कत नहीं हो जाए। यही वजह थी कि ये हालत बने। अब ऐसा नहीं है।
सवाल : अभी राजस्थान में LPG का कितना स्टॉक है, कितने दिन का काम चल सकता है?
जवाब : मैं आपको फिर बता रहा हूं, कहीं पर भी स्टॉक की कमी नहीं हैं। घरेलू में तो कोई कमी नहीं है और आज हमारे पास भारत सरकार से ये जानकारी आई है कि कमर्शियल सिलेंडरों की भी 20 फीसदी तक उपयोग की परमिशन दी जाने वाली है। ऐसे में स्थितियां अब सामान्य की और अग्रसर हैं। फिर भी भारत सरकार ने 29 लाख लीटर केरोसिन भी राजस्थान को दिया है, ताकि हम कमर्शियल उपयोग कर सकें।
सवाल : शादियों का सीजन चल रहा है, होटलों-रेस्टोरेंट के सारे काम भी कमर्शियल सिलेंडरों पर ही टिके हैं, अब ये कमर्शियल सिलेंडरों पर रोक कब तक रहने वाली है?
जवाब : शादियों के सावे तो 15 तक ही हैं… तो अब ये भी रिलीफ वाली ही बात है। होटल-रेस्टोरेंट के लिए तो मैं कहूंगा कि सरकार ने अभी जो कमर्शियल में 20 फीसदी छूट दी है, तो मैं मानता हूं कहीं न कहीं आगे होटल-रेस्टोरेंट वालों को भी छूट देंगे। होटल इंडस्ट्रीज को लेकर हमने अधिकारियों और कई लोगों से बात की तो सामने आया कि कई इंडक्शन चूल्हे गैस की ही तरह काम करते हैं।
अब कहना तो नहीं चाहिए लेकिन कई लोगों ने यहां तक बताया कि आपदा ने उन्हें नए तरीको की ओर धकेला है। आने वाले समय में वो सौर ऊर्जा की तरफ भी ज्यादा मूव होने वाले हैं। इससे खर्चा भी कम आएगा और ईंधन की भी बचत होगी।

सवाल : अब तक कितने मामले जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग के पकड़े गए हैं, उनके खिलाफ क्या एक्शन लिया गया है?
जवाब : लगातार कार्रवाई हो रही है। 13 मार्च को जयपुर में जमाखोर पकड़े गए हैं। पूरे राजस्थान में ही सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। ऐसी स्थिति में माफिया ज्यादा काम करने का प्रयास करता है। लेकिन कार्रवाई के चलते वो ज्यादा सफल नहीं हो पाया है। कोई इक्का-दुक्का घटनाएं हुई होंगी, उन्हें मैं नकार नहीं सकता। लेकिन मास स्केल पर ब्लैक मार्केटिंग माफिया के लिए कोई अवसर सरकार ने नहीं आने दिया है।
तीन दिन पहले खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीटिंग में सख्त निर्देश दिए थे कि किसी भी तरह की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं हो। सीएम के निर्देशों के पालन में विभाग पूरा सजग है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सवाल : विपक्ष कालाबाजारी को मुद्दा बना रहा है?
जवाब : विपक्षियों ने जब इस तरह के धरने-प्रदर्शन किए तो उनकी सोशल मीडिया पोस्ट के नीचे लोग उन्हें जवाब दे रहे हैं। लोग समझते हैं कि ये जो हालात बने हैं वो केवल भारत में नहीं हैं, बल्कि पूरे विश्व में हैं। कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एकजुट था।
राजस्थान में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री थे और तब हमारे तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा था कि हम सरकार के साथ खड़े हैं।
तीन दिन पहले कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा बोल रहे थे- पेट्रोल-डीजल मिल नहीं रहा है। पंप पर लाइनें लगी हैं। मैं खुद जयपुर के कई पेट्रोल पंप पर गया, कहीं पर भी कोई लाइन नहीं है। लाइन का तो सवाल ही नहीं हैं। ऐसे में राजस्थान और देश में जो आम लोगो में पैनिक हुआ है, उसके पीछे कांग्रेस के नेताओं के ये स्टेटमेंट भी बड़ा कारण है।

—————
LPG किल्लत की यह खबर भी पढ़िए…
राजस्थान-तीन गुना कीमत देने पर भी नहीं मिल रहे सिलेंडर:रमजान और शादियों के बीच LPG संकट, होटल वाले लकड़ी पर बना रहे खाना

जयपुर सहित पूरे प्रदेश में LPG सिलेंडर की किल्लत के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रमजान के महीने और शादियों के सीजन के कारण परेशानी और बढ़ गई है…(CLICK कर पढ़ें)
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.