प्रेम बाईसा के निधन पर बोले गृह राज्यमंत्री
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म
– फोटो : अमर उजाला
साध्वी प्रेम बाईसा के निधन पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि उनकी मौत को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं और मामले की जांच की जा रही है। बेढ़म ने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि साध्वी प्रेम बाईसा के असामयिक निधन पर मेरी संवेदनाएं हैं और मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वे सनातन संस्कृति की एक अच्छी प्रचारक और कथावाचक थीं तथा लोगों की उनके प्रति गहरी श्रद्धा थी।
उनकी मौत को लेकर विरोधाभासी जानकारियां सामने आ रही हैं। परिवार का कहना है कि गलत इंजेक्शन लगाए जाने से उनकी मृत्यु हुई, जबकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उन्हें ब्रॉट डेड अवस्था में लाया गया था। वहीं सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की बातें फैल रही हैं और प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
गृह राज्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस इस पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से, हर पहलू और हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद सच्चाई सामने लाई जाएगी और दूध का दूध तथा पानी का पानी किया जाएगा।
विधानसभा की कार्रवाई शुरू
राजस्थान विधानसभा की कार्रवाई शहीद दिवस के अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर प्रारंभ हुई। इसका प्रस्ताव विधानसभा अध्यक्ष द्वारा रखा गया। इसके बाद प्रश्नकाल के दौरान विधायक संदीप शर्मा द्वारा विद्यालयों के जर्जर भवनों की मरम्मत को लेकर उठाए गए सवाल पर सदन में हंगामे की स्थिति बन गई।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सदन को बताया कि प्रदेश में कुल 41,178 स्कूल भवन मरम्मत योग्य हैं, जिनमें से 1,680 भवनों के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों को तकनीकी जांच के आधार पर एक साथ ध्वस्त किया जाता है तथा उनकी स्थिति का थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जाता है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हजारों स्कूल मंदिरों और अस्पतालों में संचालित हो रहे हैं, जबकि सरकार का पूरा ध्यान केवल तबादलों पर केंद्रित है। इस पर शिक्षा मंत्री ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जिससे सदन में शोर-शराबा बढ़ गया।
11:15 AM, 30-Jan-2026
Rajasthan Assembly Session Live: जर्जर स्कूलों पर उलझे शिक्षा मंत्री और नेता प्रतिपक्ष, तीखी बहस के बीच हंगामा
राजस्थान विधानसभा में आज प्रदेश के जर्जर सरकारी स्कूलों का मुद्दा उठेगा। बीजेपी विधायक संदीप शर्मा ने सरकार से सवाल पूछा है कि राज्य में कितने सरकारी स्कूल जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं।
इस मुद्दे पर सदन में हंगामे के आसार हैं, क्योंकि कांग्रेस पहले से ही शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को घेर रही है। अब बीजेपी विधायक के सवाल से सरकार की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
सवाल का जवाब शिक्षा मंत्री को सदन में देना है। माना जा रहा है कि जर्जर स्कूल भवनों, बच्चों की सुरक्षा और मरम्मत कार्यों को लेकर विपक्ष सरकार को घेर सकता है, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित होने की संभावना है।
इसके साथ ही प्रश्नकाल के दौरान उच्च शिक्षा, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED), जल संसाधन विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, सहकारिता विभाग और नगरीय विकास विभाग (UDH) से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
इसके बाद विधायी कार्यों के तहत सदन के पटल पर विभिन्न अधिसूचनाएं रखी जाएंगी। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा परिवहन विभाग से संबंधित सात अधिसूचनाएं सदन में प्रस्तुत करेंगे। वहीं ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ऊर्जा विभाग से जुड़ी दो अधिसूचनाएं सदन के पटल पर रखेंगे। सदन में वार्षिक प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार आज राजस्थान राज्य महिला आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखेंगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.