दतिया जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से जुड़ा एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी लोकेंद्र अहिरवार के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी धर्मेश उर्फ राजा बड़ौनी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए आरोपी का कस्बा बड़ौनी के मुख्य मार्गों और गलियों में जुलूस निकाला, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी धर्मेश उर्फ राजा बड़ौनी पर पूर्व में भी विवाद और दबंगई से जुड़े आरोप सामने आते रहे हैं। हाल ही में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी लोकेंद्र अहिरवार के साथ मारपीट की घटना के बाद मामला गंभीर हो गया था। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश भी देखने को मिला, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। बड़ौनी थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद आरोपी का जुलूस कस्बे के प्रमुख मार्गों से निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। जुलूस के दौरान आरोपी द्वारा सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करने और भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की बात कहते हुए बयान दिए गए, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
ये भी पढ़ें- भोपाल में फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के विरोध में प्रदर्शन, सड़क पर उतरा ब्राह्मण समाज; रोक लगाने की मांग
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून का डर कायम करना और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से इलाके में दबंगई के लिए जाना जाता था और खुद को प्रभावशाली दिखाने की कोशिश करता था। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को लोगों ने कानून के प्रति सख्त संदेश के रूप में देखा है। कई नागरिकों ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि इससे असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी भी तरह की गुंडागर्दी या मारपीट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.