रायसेन जिले के बेगमगंज से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। सीएम राइस स्कूल के एक छात्र ने कथित तौर पर देशी कट्टे से हवाई फायरिंग कर दी। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है।
ये भी पढ़ें- भागीरथपुरा दूषित जल कांड पर हंगामा, कांग्रेस का वॉकआउट; स्थगन प्रस्ताव भी खारिज
मामला रायसेन जिले के बेगमगंज स्थित सीएम राइस स्कूल का है। जहां स्कूल प्रांगण में एक छात्र द्वारा अवैध देशी कट्टे से हवाई फायरिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है। जैसे ही फायरिंग की आवाज गूंजी, छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया। कई बच्चे सहम गए और शिक्षकों ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने छात्र के पास से अवैध देशी कट्टा और कारतूस के खाली खोके बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
कई सवाल सामने
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक छात्र के पास अवैध हथियार कहां से और कैसे पहुंचा? क्या इसके पीछे कोई और भी शामिल है? पुलिस अब इस पूरे एंगल की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन भी सतर्क हो गया है और छात्रों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.