Samastipur Khagaria Rail News: समस्तीपुर-खगड़िया रेल खंड पर सोमवार को एक मालगाड़ी का टैंक वैगन अचानक पटरी से उतर गया. यह हादसा रुसेड़ा घाट रेलवे स्टेशन के समीप हुआ है. इस घटना में कोई हताहत होने की सूचना नहीं है. मौके पर समस्तीपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम और दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) के साथ मौके पर पहुंच गए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी समस्तीपुर से खगड़िया की ओर जा रही थी. जैसे ही ट्रेन रुसेड़ा घाट स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास पहुंची. अचानक एक जोरदार आवाज हुई और मालगाड़ी का एक टैंक वैगन पटरी से नीचे उतर गया. लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका. फिर इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी. घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई.
रेलवे अधिकारियों में मचा हड़कंप
हादसे की खबर मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम और दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) के साथ मौके पर पहुंच गए हैं. रेलवे के पीडब्लूआई (PWI) और अन्य विभागों के इंजीनियर ट्रैक की जांच कर रहे हैं. प्रथम दृष्टया यह मामला तकनीकी खराबी या ट्रैक में आई किसी समस्या का लग रहा है, हालांकि रेलवे ने अभी तक आधिकारिक तौर पर हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं की है.
परिचालन बहाल करने की कोशिशें तेज
टैंक वैगन के बेपटरी होने के कारण समस्तीपुर-खगड़िया रूट पर ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है. रेलवे की प्राथमिकता पटरी से उतरे वैगन को क्रेन की मदद से वापस ट्रैक पर लाने और यातायात को सामान्य करने की है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ट्रैक को फिट घोषित कर दिया जाएगा.
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे के मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रेल खंड पर अक्सर भारी मालगाड़ियों का दबाव रहता है, ऐसे में पटरियों की नियमित जांच बेहद जरूरी है. फिलहाल, मौके पर कैंप कर रहे अधिकारी युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटे हुए हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.