कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बरनाला आ रहे हैं। वे बरनाला की अनाज मंडी में एक महारैली को संबोधित करेंगे। उनके साथ पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी आएंगे। रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रैली की शुरुआत सुबह करीब 11:30 बजे होगी। राहुल गांधी दोपहर करीब 12:30 बजे अनाज मंडी पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस की पूरी शीर्ष नेतृत्व टीम मंच पर मौजूद रहेगी। बरनाला में इस महारैली को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
राहुल की रैली के लिए सियासी रणनीति के तहत मालवा क्षेत्र को चुना गया है। इस क्षेत्र के बरनाला में जिले में यह रैली होगी, क्योंकि यह जिला मालवा का केंद्र है। पार्टी सूत्रों के अनुसार रैली में करीब एक लाख लोगों की भीड़ एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कांग्रेस मालवा से अपना सूखा खत्म करना चाहती है। इसलिए राहुल गांधी यही से चुनाव हुंकार भरेंगे। मनरेगा के संशोधन बिल और अमेरिका-भारत के बीच ट्रेड डील पर केंद्र सरकार को घेरते हुए मजदूरों और किसानों को साधेंगे।
शिरोमणि अकाली दल को घेरेंगे जबकि आप सरकार में बढ़े रहे गैंगस्टरवार, नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों समेत अन्य मुद्दों पर आप सरकार पर भी निशाना साधेंगे। वरिष्ठ कांग्रेसियों को लगता है कि साल 2027 में कांग्रेस इस क्षेत्र में अपना खोया जनाधार वापस पाएगी।
मान और बादल दोनों मालवा से
अमूमन यह कहा जाता है कि पंजाब में सीएम मालवा क्षेत्र से ही निकलता है। मौजूदा सीएम भगवंत सिंह मान संगरूर से एमपी थे और अब धुरी से विधायक हैं। पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल भी श्री मुक्तसर साहिब से थे।
उनके बेटे व पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल भी इसी क्षेत्र से हैं। मौजूदा सीएम के अलावा आप के तीन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, बरिंदर सिंह गोयल व अमन अरोड़ा और आप के सांसद मीत हेयर भी इसी क्षेत्र से आते हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.