नोएडा इंडोर स्टेडियम में फाइनल की जंग तेज, दूसरे हाफ में बढ़ेगा रोमांच
नोएडा(संवाद)। प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में महाराष्ट्र केसरी ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स के खिलाफ हाफवे स्टेज तक 3–2 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है। नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में फाइनल में पहुंचने का सपना दांव पर है और शुरुआती पांच बाउट्स में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा, तकनीकी कुश्ती और रणनीतिक दांव-पेंच देखने को मिले हैं।
मुकाबले की शुरुआत 62 किग्रा महिला वर्ग में दिल्ली की अंजली ने दमदार अंदाज में की। उन्होंने दुदोवा बिल्याना झिवकोवा को 12–4 से हराकर दिल्ली को शुरुआती बढ़त दिलाई। अंजली ने टेकडाउन, पुश-आउट और पावर मिनट में चार अंकों के शानदार टेकडाउन से मुकाबले पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा।
महाराष्ट्र केसरी ने 57 किग्रा महिला वर्ग में मनीषा भनवाला के जरिए जोरदार जवाब दिया। मनीषा ने आक्रामक खेल दिखाते हुए कार्ला गोडिनेज़ गोंज़ालेज़ को 15–0 से टेक्निकल सुपीरियॉरिटी से हराकर स्कोर 1–1 कर दिया।
हेवीवेट बाउट में महाराष्ट्र के कप्तान रॉबर्ट बारान ने रोनक को 11–1 से मात देकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 53 किग्रा महिला वर्ग में निशु भनवाला ने कड़े मुकाबले में सारिका को 7–6 से हराकर महाराष्ट्र का स्कोर 3–1 कर दिया।
दिल्ली की ओर से 57 किग्रा पुरुष वर्ग में शुभम कौशिक ने चोट के बावजूद जुझारू प्रदर्शन करते हुए आतिश ठोडकर को 11–10 से हराकर अंतर कम किया।
पांच बाउट्स के बाद स्कोर 3–2 से महाराष्ट्र केसरी के पक्ष में है। शेष मुकाबले तय करेंगे कि फाइनल का टिकट किसके हाथ लगेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.