पूर्णिया लाइन बाजार स्थित छोटी मस्जिद के समीप शनिवार शाम दबंगों ने जमकर तांडव मचाया। 15-20 की संख्या में आए हथियारबंद युवकों ने एक बिरयानी दुकान पर धावा बोलकर न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि स्टाफ के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट भी की। इस पूरी घटना का लाइव वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दबंगों की गुंडागर्दी साफ देखी जा सकती है।
पीड़ित दुकानदार मोहम्मद अकबर आलम ने बताया कि शुक्रवार शाम कसाई टोला निवासी मोहम्मद मुन्ना, इमरान, बबलू और सोनू अपने साथियों के साथ दुकान पर बिरयानी खाने आए थे। खाने के दौरान वे दुकान के भीतर ही शराब पीना चाह रहे थे। जब दुकान के स्टाफ आरिफ ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया, तो वे उग्र हो गए। आरोपियों ने तुरंत अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया और लाठी-डंडों से दुकान पर हमला बोल दिया।
पढ़ें: पप्पू यादव की गिरफ्तारी की लेकर पूर्णिया में आक्रोश, समर्थकों ने निकाला मशाल जुलूस; लगाया आरोप
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हमलावर किस तरह दुकान के शीशे, फर्नीचर और अन्य सामानों को बेरहमी से तोड़ रहे हैं। इस हमले में स्टाफ आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है। दुकानदार का आरोप है कि मारपीट और तोड़फोड़ के दौरान दबंगों ने दुकान के गल्ले से 25,000 की नगद राशि भी लूट ली।
घटना की सूचना मिलते ही सहायक खजांची थाना पुलिस मौके पर पहुँची। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से मोहम्मद मुन्ना समेत अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.