Purnia Crime News: पूर्णिया के बहुचर्चित युवा व्यवसायी सूरज बिहारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अभी भी फरार हैं. पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर हुए छोटे से विवाद ने एक होनहार युवक की जान ले ली.
युवा व्यवसायी सूरज बिहारी हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया है.
पूर्णिया. इंस्टाग्राम पर एक फोटो से शुरू हुआ विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया. बहुचर्चित युवा व्यवसायी सूरज बिहारी हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए पूर्णिया पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. पूर्णिया पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस कांड के आरोपी अमन सिंह, बृजेश सिंह और नंदू सिंह की गिरफ्तारी रुपौली थाना इलाके से की गई है. जबकि दो अन्य अभियुक्त स्नेहिल झा और आदित्य ठाकुर ने कल मुजफ्फरपुर थाने में सरेंडर किया है. एसपी ने कहा कि सभी अपराधियों ने इस घटना को अंजाम देने में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. इस घटना में जिस पिस्टल का प्रयोग किया गया, वह भी पुलिस ने बरामद कर लिया है.
इंस्टाग्राम फोटो से शुरू हुआ विवाद
एसपी सेहरावत ने कहा कि सूरज बिहारी की हत्या का कारण इंस्टाग्राम पर लड़की के फोटो पोस्ट को लेकर हुए विवाद से शुरू हुआ, जिसमें कहा-सुनी, मारपीट और गाली-गलौज हुई. फिर बृजेश ने गोली मारकर सूरज बिहारी की हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि सभी अपराधी लगातार 10 दिनों से अपना ठिकाना बदल रहे थे. इन 10 दिनों में सभी अपराधी नेपाल, दिल्ली, नोएडा, भोपाल भाग रहे थे. इस बीच कोर्ट के आदेश के बाद सभी अभियुक्तों के घर पर कुर्की का इश्तिहार भी चिपका दिया गया था.
नेपाल से भोपाल तक भागते रहे आरोपी
पूर्णिया एसपी ने कहा कि अब तक पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य अपराधी अभी फरार हैं. उनके घर की कुर्की का आदेश भी ले लिया गया है और जल्द ही घर की कुर्की होगी. इसके अलावा अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर भी कठोर कार्रवाई होगी. एसपी ने कहा कि स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी अपराधियों को सजा दिलाई जाएगी. वहीं, यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि सोशल मीडिया पर बढ़ती आक्रामकता और गुस्सा किस तरह जिंदगियां तबाह कर रहा है.