Budget 2026 Purnia Public Reaction: आगामी केंद्रीय बजट को लेकर पूर्णिया के बुजुर्गों ने सरकार से पेंशन में बढ़ोतरी, एफडी पर अधिक ब्याज, घर बैठे स्वास्थ्य सुविधाएं और सीनियर सिटीजन को यात्रा व बैंकिंग सेवाओं में प्राथमिकता देने की मांग की है. बुजुर्गों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच यह बजट उनके लिए राहत देने वाला होना चाहिए. लोकल 18 की खास बातचीत में उन्होंने सरकार के क्या सब मांग की है आइए जानते हैं.
पूर्णिया जिले के कई बुजुर्गों का कहना है कि बजट केवल युवाओं या कामकाजी वर्ग तक सीमित नहीं होना चाहिए. बल्कि बुजुर्गों की जरूरतों को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए. बुजुर्गों के अनुसार बढ़ती महंगाई के दौर में पेंशन, बैंक ब्याज और स्वास्थ्य सुविधाएं उनके जीवन का सबसे अहम हिस्सा बन चुकी हैं. ऐसे में सरकार से उन्हें राहत की उम्मीद है. पूर्णिया के रहने वाले बुजुर्ग पंकज कुमार सिंह, ओम प्रकाश कुमार सिंह, डॉ.राजेंद्र प्रसाद और सकलदेव कुमार सिंह सहित अन्य बुजुर्गों ने बताया कि आगामी बजट से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों तीनों वर्गों को उम्मीदें हैं. लेकिन बुजुर्गों के लिए यह बजट खास मायने रखता है. क्योंकि बुढ़ापे में आय के सीमित साधन होते हैं. खर्च लगातार बढ़ता जाता है.
पेंशन की राशि में होग बढ़ोतरी
बुजुर्गों का कहना है कि इस बार के बजट में सबसे पहले पेंशन की राशि में बढ़ोतरी की जानी चाहिए. ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सहूलियत मिले. इसके साथ ही बैंकों में रखी गई फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर ब्याज दर बढ़ाने की भी मांग की गई है. क्योंकि अधिकांश बुजुर्ग अपनी जमा पूंजी के ब्याज पर ही निर्भर रहते हैं. स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी बुजुर्गों ने सरकार से विशेष अपेक्षा जताई है. उनका कहना है कि उम्र बढ़ने के साथ बीमारियां भी बढ़ती हैं. ऐसे में घर बैठे स्वास्थ्य जांच और इलाज की व्यवस्था होनी चाहिए. मोबाइल हेल्थ यूनिट, टेलीमेडिसिन और होम केयर जैसी सुविधाओं को बजट में शामिल किया जाना चाहिए. ताकि बुजुर्गों को अस्पतालों के चक्कर न काटने पड़ें.
रेलवे-हवाई यात्रा में सीनियर सिटीजन को मिले रियायत
इसके अलावा बुजुर्गों ने रेलवे और हवाई यात्रा में सीनियर सिटीजन के लिए विशेष आरक्षण और रियायतों की भी मांग की है. उनका कहना है कि पहले की तरह यात्रा में छूट और प्राथमिकता फिर से लागू होनी चाहिए. साथ ही बैंकिंग सेवाओं में बुजुर्गों को प्राथमिकता देते हुए घर तक सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी बजट में होनी चाहिए. ताकि उन्हें बैंक आने-जाने में परेशानी न हो. कुल मिलाकर पूर्णिया के बुजुर्गों का कहना है कि यह बजट उनके पक्ष में होना चाहिए और उनकी आम समस्याओं को गंभीरता से शामिल कर समाधान निकाला जाना चाहिए. अगर सरकार बुजुर्गों की जरूरतों को समझते हुए ठोस कदम उठाती है. तो यह बजट उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.