पूर्णिया के जीएमसीएच अस्पताल परिसर से दो मासूम भाइयों के अगवा होने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही एक बेबस मां अस्पताल में अपना इलाज करा रही थी। इसी दौरान बच्चा चोर गिरोह ने उसके दो मासूम बेटों को अपना निशाना बना लिया और उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
जानें क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, नेवालाल चौक की रहने वाली गुड़िया देवी पिछले 27 जनवरी से जीएमसीएच के महिला वार्ड में भर्ती हैं। उनके साथ उनकी 9 साल की बेटी और दो बेटे, जिनकी उम्र 5 और 7 साल है, भी अस्पताल में थे। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे, एक जैसी ड्रेस पहने दो अज्ञात महिलाएं महिला वार्ड में पहुंचीं। उन्होंने बच्चों से बात की और सामान दिलाने का लालच दिया। इसके बाद बड़ी चालाकी से दोनों भाइयों को वार्ड से बाहर ले गईं और वहां से गायब हो गईं।
ये भी पढ़ें- Bihar : बिहार को मछली उत्पादन में नंबर-1 बनाने की तैयारी, मुख्यमंत्री ने किया मत्स्य विकास भवन का निरीक्षण
जब काफी देर तक दोनों भाई वापस नहीं लौटे, तो उनकी 9 साल की बड़ी बहन ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। जब भाई कहीं नहीं मिले, तो वह रोते हुए अस्पताल के कर्मचारियों के पास पहुंची और बताया कि दो औरतें उसके भाइयों को अपने साथ ले गई हैं। बच्चों के गायब होने की खबर मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी और के हाट समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने जब अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो उसमें साफ दिखा कि दो महिलाएं दोनों बच्चों का हाथ पकड़कर तेजी से अस्पताल से बाहर ले जा रही हैं। इससे यह साफ हो गया कि बच्चों को सोच-समझकर और योजना के तहत अगवा किया गया है। इसके बाद पुलिस ने शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी है और वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है।
जीएमसीएच जैसे भीड़-भाड़ वाले अस्पताल से दिनदहाड़े बच्चों का इस तरह गायब हो जाना अस्पताल की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उधर, अपने बच्चों के गायब होने की खबर सुनकर बीमार मां की हालत और ज्यादा खराब हो गई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की टीमें संदिग्ध महिलाओं की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अभी तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस ने जारी किया बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जीएमसीएच परिसर और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को ध्यान से देखा जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि महिलाएं किस रास्ते से बच्चों को लेकर भागीं। बच्चों को ढूंढने के लिए खास टीमें बनाई गई हैं और संभावित जगहों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि वे इस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और जल्द ही दोनों मासूम बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.