‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के तहत लुधियाना जिले में खन्ना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में जिले के तीनों सब-डिवीजनों खन्ना, पायल और समराला में 151 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान कुल 125 अपराधी तत्वों को हिरासत में लिया गया, जिनमें गैंगस्टर, नशा तस्कर, वांछित अपराधी और संदिग्ध शामिल हैं। वहीं माछीवाड़ा साहिब की पंजाबी गायिका परमजीत कौर पम्मी और उनके भाई सरवन सिंह भी गिरफ्तार किए गए हैं।
गैंगस्टरों, ड्रग पेडलर्स को बनाया निशाना एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि पुलिस की कई टीमों ने सुबह करीब 4 बजे से पूरी योजना और पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में गैंगस्टरों, ड्रग पेडलर्स और सक्रिय अपराधियों को निशाना बनाया गया। हिरासत में लिए गए 125 लोगों में 3 सक्रिय गैंगस्टर, 45 वांछित अपराधी, अपराध रोकथाम अधिनियम के तहत 46 लोग, 2 फरार आरोपी और पूछताछ के लिए 29 संदिग्ध शामिल हैं। पंजाबी गायिका और भाई गिरफ्तार इसी अभियान के तहत, माछीवाड़ा साहिब में कोहाड़ा रोड स्थित अडियाना बस स्टैंड के पास गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवक और एक महिला को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उनकी पहचान रहीमाबाद खुर्द गांव के सरवन सिंह और परमजीत कौर के रूप में हुई, जो भाई-बहन हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, परमजीत कौर पहले पंजाबी गायिका रह चुकी हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.