चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय और चंडीगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और पूरे इलाके को खाली करा लिया गया। जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल संबंधित विभाग को मिला था, जिसमें पंजाब सचिवालय में विस्फोट करने की बात कही गई है। इस ईमेल का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ है। हालांकि, इसकी पुलिस या प्रशासन के किसी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है। दैनिक भास्कर भी इस ईमेल की पुष्टि नहीं करता। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी और लोगों को सचिवालय से सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया। पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है और हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। बता दें कि मंगलवार को भी मोहाली के अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसमें CM मान एडमिट थे। हालांकि, यह धमकी झूठी निकली। धमकी भरे ईमेल में ये बातें लिखीं सामने आए ईमेल के स्क्रीनशॉट में दिख रहा है कि यह सचिवालय को आज सुबह 9 बजकर 46 मिनट पर मिला। इसमें लिखा है कि मान (CM भगवंत मान) का दफ्तर, सेक्रेटेरिएट और चंडीगढ़ कोर्ट में दोपहर 2.11 बजे धमाका होगा। इसके बाद लिखा है – पंजाब अब खालिस्तान बनकर रहेगा। मान (CM भगवंत मान) के दफ्तर में दोपहर 2.11 बजे धमाका होगा। वहीं, चंडीगढ़ कोर्ट में दोपहर 3.11 बजे ब्लास्ट होगा। मेल में नीचे भगवंत मान के दफ्तर और घर को निशाना बनाने का जिक्र है।
हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं…
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.