फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव चंदबाजा पुल के पास से 2 किलो 64 ग्राम हेरोइन और 20 हजार रुपये की ड्रग मनी सहित एक मोटरसाइकिल सवार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमृतसर निवासी आकाश उर्फ मान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह की निगरानी में पुलिस टीम नेशनल हाईवे पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान जब पुलिस पार्टी गांव चंदबाजा पुल के पास पहुंची तो सर्विस रोड पर एक युवक मोटरसाइकिल के पास खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने ली तलाशी शक के आधार पर उसे काबू किया गया और मौके पर डीएसपी तरलोचन सिंह को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में आरोपी के किट बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 1 किलो 58 ग्राम और 1 किलो 6 ग्राम के दो पैकेट हेरोइन बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास से 20 हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई। इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जाएंगे तथा उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.