पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को मोहाली में तीन-दिवसीय प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन के अंतिम दिन उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए उद्योग के लिए सरकार की ओर से पूरा सहयोग और रियायतों का भरोसा दिया। वैश्विक और राष्ट्रीय निवेशकों की मजबूत साझेदारी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस सम्मेलन ने औद्योगिक विकास के लिए ऐसा माहौल बनाया है, जो राज्य की आर्थिक तरक्की को और रफ्तार देगा। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार सम्मेलन के दौरान दिए गए निवेश प्रस्तावों और प्रोजेक्टों की प्रगति का मूल्यांकन करने के लिए छह महीने बाद समीक्षा सत्र करेगी।
ऐतिहासिक प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन के समापन वाले दिन कारोबारी दिग्गजों के साथ विचार-विमर्श के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस सम्मेलन में शामिल होने और राज्य की आर्थिक तरक्की में सक्रिय साझेदार बनने के लिए यहां आए सम्मानित व्यक्तित्वों के समर्पण को बयान करने के लिए मेरे पास शब्द भी कम पड़ जाएंगे। दुनिया भर के अग्रणी औद्योगिक नेता इस ऐतिहासिक और प्रगतिशील सम्मेलन में पहुंचे हैं।
राज्य के लोगों के जुनून और जज्बे के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबी हमेशा सूझवान नेता के रूप में विचरते हैं और हम देश और इसके लोगों के लिए कुछ भी कर सकते हैं क्योंकि देश हमारे लिए सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एक नया उभरता क्षेत्र है लेकिन मानव मस्तिष्क इससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण है, जो मानव संसाधन के विकास के लिए अच्छा है। यह देखकर खुशी होती है कि नीति निर्माण के फैसलों में कारोबारी तेजी से ध्रुव बनकर उभर रहे हैं।