पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया बीती देर रात सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल गोल्डन टेंपल पहुंचे। अमृतसर आगमन पर उन्होंने गुरु घर में पूरी श्रद्धा और विनम्रता के साथ माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पावन अवसर पर राज्यपाल ने सरबत के भले की अरदास की। गुरु घर की आध्यात्मिक और शांत वातावरण में राज्यपाल की उपस्थिति ने इस क्षण को और भी श्रद्धा व आस्था से भर दिया। गोल्डन टेंपल में दर्शन के उपरांत राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने भाव साझा किए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं कि उन्हें गुरु घर में मत्था टेकने और पालकी साहिब के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह एक बार सुबह के गोल्डन टेंपल के दर्शन कर चुके हैं, लेकिन रात्रि के समय यहां आकर उन्हें एक दिव्य और अलौकिक अनुभूति हुई। राज्यपाल ने कहा कि वह जिन जिम्मेदारियों और कार्यों को आगे बढ़ाने जा रहे हैं, उससे पहले गुरु साहिब का आशीर्वाद लेना उनके लिए अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने पंजाब को नशा-मुक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज को सही दिशा में ले जाने के लिए गुरु साहिब की बाणी और उपदेशों को घर-घर तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। गवर्नर कटारिया ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बाणी सत्य, सेवा, संयम और मानवता का संदेश देती है। यदि हम इन उपदेशों को अपने जीवन में अपनाएं, तो समाज से कई बुराइयों को दूर किया जा सकता है। उनकी यह यात्रा आध्यात्मिकता, सामाजिक जिम्मेदारी और लोक-कल्याण का संदेश लेकर आई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.