पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा स्कीम के तहत तरनतारन विधानसभा क्षेत्र से 40 श्रद्धालुओं का पहला जत्था मंगलवार को रवाना हुआ। इस बस को विधायक हरमीत सिंह संधू के भाई राजबीर सिंह संधू, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष भूपिंदर सिंह खेड़ा और आम आदमी पार्टी की जिला महासचिव अंजू वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राजबीर सिंह संधू ने बताया कि यह तीन दिवसीय तीर्थ यात्रा श्री आनंदपुर साहिब और माता नैना देवी के दर्शन के लिए है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य हर वर्ग के लोगों को उनके धार्मिक स्थलों पर ले जाना है, विशेषकर उन लोगों को जो आर्थिक कारणों या बुढ़ापे के कारण यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा जमीनी स्तर पर लागू की जा रही लोक कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को आने-जाने, रहने और खाने की पूरी सुविधाएं मुफ्त प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह तीर्थ यात्रा केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी एक माध्यम है। तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं ने पंजाब सरकार और विधायक हरमीत सिंह संधू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए जीवन भर की यादगार यात्रा होगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.