कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी सब-डिवीजन में एक XUV कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई सुबेग सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान गांव हैदराबाद बेट निवासी प्यारा लाल के रूप में हुई है। वह गांव मेवा सिंह वाला स्थित एक पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार XUV गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्यारा लाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी पहुंचाया। ड्यूटी डॉक्टर डॉ. हरप्रीत सिंह ने बताया कि XUV चालक ही घायल को अपनी गाड़ी में अस्पताल लेकर आया था, जहां जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद गाड़ी चालक अपनी गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई सुबेग सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार XUV चालक की तलाश जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.