सिटी एंकर जिले में गरीबी रेखा से नीचे गुजर बसर करने वाले 3 लाख 87 हजार 32 लाल, पीला और हरा राशन कार्ड धारी को पिछले नौ महीने से दाल नहीं दिया गया है। सभी लाभुक सरकार की ओर मिलने वाला चना दाल का इंतजार कर रहे हैं। हर महीने अपने-अपने पीडीएस संचालक के पास राशन का उठाव करने जाते हैं और यही सवाल पूछते हैं कि दाल कब मिलेगी। जबकि पीडीएस दुकानदार से जवाब मिलता है, सरकार भेजेगी तब वितरण होगा। वहीं, विभाग का कहना है कि पिछले साल जून महीने में बैकलॉग का दाल वितरण किया गया था। इसके बाद से सरकार की ओर से चना दाल का सप्लाई नहीं हो रही है, जिस कारण दाल का वितरण नहीं हो रहा है। पीडीएस दुकानदारों का कहना है कि सरकार की ओर से हर महीने पर दाल का वितरण किया जाना था, लेकिन बीते साल कुछ महीने ही वितरण हुआ, जिसके बाद बंद हो गया। बैकलॉग के रूप में जून 2025 को दाल का वितरण किया गया था। इसके बाद से अबतक आवंटन नहीं हुआ। जबकि गरीबों के लिए चना दाल प्रोटीन का सस्ता स्त्रोत है। टेंडर नहीं होने से हो रही देरी आपूर्ति विभाग का कहना है कि दाल वितरण के लिए राज्य स्तर पर निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी की जाती है। टेंडर के माध्यम से आपूर्तिकर्ता का चयन होता है, जिसके बाद दाल की आपूर्ति जिलों को की जाती है। स्टॉक मिलने के बाद ही पीडीएस दुकानों तक दाल पहुंचाई जाती है और लाभुकों में बंटता है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, पिछले साल जून के बाद से दाल आपूर्ति के लिए टेंडर प्रक्रिया नहीं हुई है। इसी कारण जिले को चना दाल का आवंटन नहीं मिल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही सरकार की ओर से आवंटन मिलेगा, तुरंत वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। जिले में 3 लाख 87 हजार 32 लाल, पीला और ग्रीन राशन कार्डधारी हैं। इसमें 3 लाख 6 हजार 979 लाल कार्ड, 21 हजार 448 पीला कार्ड और 58 हजार 605 ग्रीन कार्डधारी हैं। इन सभी के बीच एक किलो चना दाल वितरण करना है। सरकार की आेर से कार्डधारी हर परिवार को 1-1 किलो चना दाल दिया जाता है। इस तरह जिले में कुल 387 टन से अधिक चना दाल का वितरण किया जाता है। लेकिन सरकार की ओर से नहीं मिलने के कारण दाल पीडीएस दुकानों में आवंटन नहीं हुआ है। सेम्पल भेजा गया है, आवंटन के बाद होगा वितरण जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलखो ने बताया कि चना दाल के लिए सेंपल भेजा गया है, इसके बाद सरकार द्वारा आवंटन किया जाएगा। आवंटन के बाद लाभुकों को वितरण किया जाएगा। बैकलॉक के विषय में उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी नहीं है। इसकी जानकारी कार्यालय खुलने के बाद मिलेगी। पीडीएस दुकान के बाहर खाड़े लाभुक। प्रत्येक कार्डधारी को एक किलो मिलता है चना दाल
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.