डेलीवेजर्स ने नियमित करने और न्यूनतम वेतनमान की मांग के लिए वीरवार को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर पार्क में प्रदर्शन किया। उनके साथ उनके बच्चे भी स्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए थे। बच्चों ने भी सीएम साहब हमारे भविष्य में मत खेलो के नारे लगाए।
प्रदर्शन की घोषणा के बाद से ही वीरवार सुबह से पार्क के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। सुबह करीब 11 बजे से यहां डेलीवेजर्स ने जमा होना शुरू किया। कुछ लोगों ने पार्क के बाहर प्रदर्शन करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें निरोधात्मक अभिरक्षा में ले लिया। इस दौरान डेलीवेजर्स नारे लगाते रहे। इसके बाद सभी शेर-ए-कश्मीर पार्क के अंदर चले गए और जनसभा की। इस दौरान बच्चों को सबसे आगे बैठाया गया था। उनके हाथों में हम पढ़ना चाहते हैं प्रदर्शन करना नहीं, आदि स्लोगन लिखी तख्तियां थीं।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकारें पहले भी चलती थीं लेकिन उमर अब्दुल्ला की सरकार में युवा सड़कों पर क्यों आ रहे हैं। उन्हें इस ओर ध्यान देना चाहिए। हजारों लोग पहले ही आरजी नौकरियों से नुकसान उठा चुके हैं अब हम नहीं चाहते कि हमारी युवा पीढ़ी भी बर्बाद हो। मुख्यमंत्री से हमारा एक ही अनुरोध है कि हमारे मुद्दों को हल करें। हम काफी तंग आ चुके हैं। अगर मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की नियमितकरण पॉलिसी का एलान किया है तो इसे स्पष्ट करें कि यह पॉलिसी आखिर क्या है, ताकि हमारे सामने भी बात साफ हो और हमारे संदेह दूर हो सकें।
सरकार पहले यह स्पष्ट करे कि क्या इस पॉलिसी में सिर्फ वेतन में बढ़ोतरी है या फिर फिक्स्ड वेतन लागू करने की बात है। क्या इस पॉलिसी में वे सभी लाभ इन कर्मियों को भी दिए जाएंगे जो दूसरे सरकारी कर्मचारियों को मिलते हैं। जो लोग पहले ही रिटायर हो चुके हैं या जो होने वाले हैं उनके साथ क्या होगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.