शहर की 829 कॉलोनियों में रहने वाले करीब 69 हजार परिवारों को पानी के भारी-भरकम बिल से जल्द राहत मिल सकती है। नगर निगम इन कॉलोनियों में बिल्डर और सोसायटी के जरिए दिए जा रहे बल्क कनेक्शन की जगह व्यक्तिगत (निजी) नल कनेक्शन देने की तैयारी कर रहा है।
.
इस प्रस्ताव पर 13 जनवरी को होने वाली नगर निगम परिषद की बैठक में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। अभी बल्क कनेक्शन के कारण लोगों को रोजाना एक हजार लीटर पानी के लिए 36 रुपए से ज्यादा का खर्च उठाना पड़ता है। निजी कनेक्शन मिलने पर यह खर्च घटकर करीब 16 रुपए प्रतिदिन रह जाएगा।
दरअसल, बल्क कनेक्शन में सोसायटी और कॉलोनाइजर अपने खर्च जोड़कर मनमाना पैसा वसूलते हैं। निजी कनेक्शन मिलने के बाद बिल सीधे नगर निगम से आएगा और चार्ज तय दरों पर ही लगेगा। इसके अलावा पानी से संबंधित शिकायतें भी नगर निगम हल करेगा।
पानी के लिए कितनी राशि
- ईडब्ल्यूएस – 3000 रुपए
- एलआईजी – 5000 रुपए
- एमआईजी – 7000 रुपए
- एचआईजी – 10,000 रुपए
अभी कैसी है पानी सप्लाई व्यवस्था
- नगर निगम अभी शहर में दो तरह से पानी सप्लाई करता है। जिन कॉलोनियों को निगम हैंडओवर हो चुकी हैं, वहां निजी नल कनेक्शन दिए जाते हैं। इसमें मकान के प्रकार के अनुसार एकमुश्त डिपॉजिट लेकर हर महीने 242 रुपए का बिल लिया जाता है। स्लम और ईडब्ल्यूएस क्षेत्रों में यह बिल 35 रुपए प्रतिमाह है।
- जिन वैध कॉलोनियों को अभी कॉलोनाइजर संचालित कर रहे हैं, वहां निगम बल्क कनेक्शन देता है। इसमें प्रति यूनिट करीब 10 हजार रुपए एकमुश्त और अन्य शुल्क लेकर कनेक्शन दिया जाता है। निगम सोसायटी को 17.50 रुपए प्रति हजार लीटर के हिसाब से बिल देता है। सोसायटी अपना खर्च जोड़कर रहवासियों को पानी देती है।
लोगों को सीधा फायदा होगा… निजी कनेक्शन मिलने से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पानी का बिल लगभग आधा रह जाएगा। दूसरा, पानी सप्लाई में समस्या होने पर लोग सीधे नगर निगम में शिकायत कर सकेंगे। अभी सोसायटी और कॉलोनाइजर के विवादों के कारण निगम सीधे हस्तक्षेप नहीं करता, जिससे कई बार पूरी कॉलोनी की सप्लाई प्रभावित हो जाती है। नई व्यवस्था में हर उपभोक्ता सीधे निगम के दायरे में होगा।
योजना पर कितना खर्च… बल्क कनेक्शन कॉलोनियों के लिए अलग से लाइन बिछानी होगी। योजना पर करीब 874 करोड़ रुपए खर्च का अनुमान है। इन कॉलोनियों में कुल 68 हजार 821 मकान हैं और लगभग 3 हजार किमी पाइपलाइन बिछानी होगी।
बल्क कनेक्शन वाली कॉलोनियों के रहवासियों को निजी नल कनेक्शन का विकल्प दिया जा सकता है। इसकी पूरी कार्ययोजना तैयार है। परिषद से मंजूरी मिलने के बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा। -मनोज राठौर, एमआईसी सदस्य
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.