राजधानी में प्री-बोर्ड को लेकर लंबे समय से चली आ रही असमंजस की स्थिति को खत्म करते हुए जिला शिक्षा कार्यालय ने प्री-बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। अब जिले में प्री-बोर्ड परीक्षाएं 19 से 24 जनवरी तक होंगी।
दरअसल, माध्यमिक शिक्षा मंडल और लोक शिक्षण संचालनालय के आदेशों के चलते स्कूलों में एक ही दिन में दो परीक्षाएं आयोजित करने की स्थिति बन रही थी, जिससे शिक्षक और विद्यार्थी दोनों परेशान थे। अब प्रैक्टिकल के बाद ही प्री-बोर्ड कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती ने बताया कि 24 जनवरी तक हमने प्री-बोर्ड कम्पलीट कराने के निर्देश दिए हैं। इस बीच एक का वीक जो स्लॉट होगा उसमें हम ओवरऑल रिजल्ट तैयार कर DPI को प्रेषित करेंगे। 30 जनवरी तक हम ये पूरा काम करने वाले हैं।
ऐसे में हमने शिक्षकों को कहा है कि जिस दिन पेपर हो उसी दिन उस सब्जेक्ट के पेपर चेक कर लें। हालांकि इसके लिए कोई बंधन नहीं है। वो अपनी सहूलियत के हिसाब से कॉपी चेक करने का काम कर सकते हैं, हालांकि बस ये ध्यान रहे कि सब कुछ तयशुदा सलीके से हो जाए।
जानिए क्यों बनी थी भ्रम की स्थिति?
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्कूलों को 1 से 20 जनवरी के बीच प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित कर अंक भेजने के निर्देश दिए थे। वहीं लोक शिक्षण संचालनालय ने 20 जनवरी तक प्री-बोर्ड परीक्षा कराने को कहा था। इससे कई स्कूलों में एक ही दिन दो परीक्षाएं लेने की स्थिति बन गई।
प्रिंसिपल और टीचर्स के लिए बड़ गई थी परेशानी
आदेश जारी होने के बाद स्कूलों में असमंजस का माहौल था।प्राचार्य और शिक्षक इस बात को लेकर चिंतित थे कि एक ही दिन दो परीक्षाएं कैसे कराई जाएं। इसके अलावा छात्रों पर अतिरिक्त दबाव भी बन रहा था। इसी बीच जिला शिक्षा कार्यालय ने हस्तक्षेप करते हुए नई तारीखें घोषित कर दीं।
प्रैक्टिकल एग्जाम की वजह से आई थी दिक्कत
नए साल के चलते अधिकांश स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षा 5 जनवरी से शुरू हुईं हैं। बोर्ड कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए अन्य स्कूलों से शिक्षक (पर्यवेक्षक) आते हैं। इस वजह से पहले तय समय पर प्री-बोर्ड कराना संभव नहीं हो पा रहा था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.