गर्मी के सीजन के शुरू होने के साथ ही डिस्कॉम का सिस्टम फेल होने लगा है। शहर में रोज 10 से 12 बार बिजली कटौती हो रही है। डिस्कॉम के शहर प्रथम सब डिवीजन में रोजाना तार टूटने, फ्यूज उड़ने व बिजली गुल होने की 18 से 20 तो शहर द्वितीय में 35 से 40 शिकायतें दर्ज हो रही हैं। शहर के 58 हजार उपभोक्ता बिजली गुल की समस्या से जूझ रहे हैं। डिस्कॉम का 41 साल पुराना सिस्टम हो गया है, इससे पुराने तार टूट रहे हैं। डिस्कॉम शहर प्रथम को रोज 2 लाख यूनिट व शहर द्वितीय जीएसएस में 14.6 लाख यूनिट बिजली की खपत हो रही है। 34 में से 25 ट्रांसफार्मर ही लगे, 9 जगह और जरूरत शहर के जवाहर चौक, जोशियों का निचला वास, जैन ढाणी मंदिर के पास, आचार्यों के वास में चंचल प्राग मठ, गांधी चौक, गेहूं रोड, महावीर चौक, स्टेशन रोड स्थित जैन भोजनालय, कल्याणपुरा स्थित पालिका ग्राउंड में वितरण ट्रांसफार्मर अब तक नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर रख-रखाव कार्यों की गुणवत्ता भी घटिया हो रही है। ओवरलोड के कारण बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। ट्रांसफार्मर के फ्यूज फेलियर होने पर फ्यूज वायर के स्थान पर एल्युमिनियम तार लगाकर काम चलाया जा रहा है। एलटी लाइनों के टूटे तारों को बदलने के स्थान पर जुगाड़ से ज्वाइंट लगाकर सप्लाई सुचारू की जा रही है। शहर में कई स्थानों पर तार झूलते नजर आ रहे हैं तो कई स्थानों पर पेड़ों की झाड़ियों से फंसे हैं। जंफर के ऊपर भी प्लास्टिक पाइप नहीं लगाने से बार-बार पक्षियों के बैठने से फॉल्ट हो रहे हैं। शहर में 41 साल पुराना बिजली सिस्टम है, इसे समय पर नहीं बदला गया है। इसी वजह से गर्मी में जैसे ही बिजली की डिमांड बढ़ रही है तो पुराने तार बिजली लोड झेल नहीं पा रहे हैं। दोनों एईएन बोले- फॉल्ट में सुधार करने में जुटे हैं शहर प्रथम एईएन राणमल खत्री का कहना है कि अभी भी 9 मुख्य स्थानों पर वितरण ट्रांसफार्मर लगाने शेष हैं, लेकिन संकरी गलियों में लोगों की आपत्ति के चलते लगा नहीं पा रहे हैं। शहर द्वितीय एईएन उम्मेदाराम सहारण ने बताया कि 95 ट्रांसफार्मर लग गए हैं, लेकिन पुरानी केबलों के स्थान पर नई केबलें बिछाने का काम फिलहाल बंद है। ऐसे में पुराने तार कुछ स्थानों पर टूट रहे हैं। बिजली फॉल्ट होने पर उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान समय पर किया जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.