पूर्वी हलके की वार्ड नंबर 26 इन दिनों समस्याओं के अंबार तले दबी हुई है, जिसने स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसी वार्ड के पार्षद पूरे शहर के मेयर हैं।
मुस्लिम गंज, सुंदर नगर, तिलक नगर और शिवाला कॉलोनी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सीवरेज जाम, सड़कों पर गहरे गड्ढे, बिजली के खंभों का टेढ़ा होना, बिखरे हुए तारों का जाल और कूड़े का नियमित रूप से न उठना जैसी मूलभूत समस्याएं आम हो चुकी हैं। इलाका निवासियों ने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि उनके वार्ड से मेयर होने के बावजूद उनकी अपनी वार्ड मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।
इलाका निवासियों ने सवाल उठाया कि अगर मेयर अपनी ही वार्ड की हालत नहीं सुधार सकते, तो पूरे शहर का विकास कैसे संभव होगा? स्थानीय लोगों ने मेयर से तत्काल हस्तक्षेप करने और उनकी वार्ड की इन गंभीर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने की पुरजोर मांग की है।
वार्ड 26 से मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने कहा कि वार्ड वासी उनका खुद का परिवार है। वार्ड में समस्याओं के हल के लिए वह निरंतर कार्य कर रहे है। वार्ड को शहर की सुंदर वार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने पिछले दिनों भी वार्ड के लोगों के साथ बातचीत की थी। वार्ड की हर एक समस्या का हल उनकी प्रमुखता रहेगी।
कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़े संजीव रामपाल ने बताया कि उन्हें वार्ड से कई लोगों के फोन आते है कि इलाकों में सीवरेज, कूड़े, तारों के जाल और पानी की समस्या बनी हुई है। लेकिन सत्ता में बैठे वार्ड पार्षद खुद शहर के मेयर है, ऐसे में मेयर की जिम्मेदारी है कि वह शहर के साथ-साथ अपनी वार्ड का भी ध्यान रखें।
मुस्लिम गंज निवासी पवन अरोड़ा ने कूड़ा प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि इलाके में कूड़े की रोजाना लिफ्टिंग नहीं होती, जिससे कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। तिलक नगर निवासी मानव अरोड़ा ने बताया कि वार्ड में सीवरेज की समस्या सबसे बड़ी है। सीवरेज चैंबर महीनों से जाम पड़े हैं, जिससे गंदा पानी गलियों में बहता रहता है।
सुंदर नगर निवासी मंगत राम ने बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई। उनका कहना है कि बिजली की तारें बेहद नीचे लटक रही हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। सुंदर नगर निवासी विमल कौर ने बताया कि इलाके की मुख्य सड़क लंबे समय से टूटी पड़ी हैं। सड़क की खराब हालत के कारण वाहनों का निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। सुंदर नगर में रोड पर पड़े गड्ढे। तिलक नगर में जाम सीवरेज। सुंदर नगर में लटकी बिजली तारें।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.