चित्रगुप्तनगर स्थित एक हॉस्टल में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लिखा है-सेक्सुअल वॉयलेंस कैन नॉट भी रूल्ड आउट। यानी, यौन हिंसा से इनकार नहीं किया जा सकता है। उसके शरीर पर खरोंच के भी निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की पूरी थ्योरी ही पलट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हॉस्टल के मालिक मनीष कुमार रंजन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद बेउर जेल भेज दिया। सदर एएसपी अभिनव ने बताया कि मनीष की गिरफ्तारी इसलिए हुई है कि वह साक्ष्य से छेड़छाड़ न सके। विसरा को एम्स एफएसएल जांच में भेजा जाएगा। वहां से भी ओपिनियन लिया जाएगा। अगर उसके साथ रेप होने की बात पूरी तरह से पुष्ट हो जाएगी तो जांच कर और लोगों को जेल भेजा जाएगा। सही लग रही परिजन की बात, हॉस्टल मालिक गिरफ्तार
छात्रा गांव से 5 जनवरी को पटना आई थी। उसी रात पिता से उसकी बात हुई। अगले दिन तबीयत खराब होने के बाद उसे पास के अस्पताल में भर्ती किया गया। उसके बाद एक और निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर दूसरे अस्पताल में ले जाया गया। 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई। पिता ने बयान में दावा किया था कि उसके साथ घिनौनी हरकत करने की कोशिश हुई। उसके शरीर पर मारपीट के निशान हैं। 12 जनवरी को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन और करीबी लोगों ने करगिल चौक पर शव रखकर जमकर हंगामा करने के साथ जाम किया था। बाद में पुलिस ने लाठी चटका कर भीड़ को भगा दिया। उग्र लोगों ने दूसरे हॉस्टल को आग के हवाले करने के साथ पथराव किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिस हॉस्टल में वह रहती थी, उसमेंं कुछ नहीं हुआ। घटना के बाद छात्राओं ने हॉस्टल खाली कर दिया है। पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट में विरोधाभास पुलिस शुरू से यह दावा कर रही थी कि उसके साथ रेप या इसकी कोशिश नहीं हुई। पुलिस का यह दावा मेडिकल रिपोर्ट पर था। उसकी यूरीन रिपोर्ट में नींद की गोलियों के सेवन का संकेत मिला था। पुलिस ने स्त्री रोग विशेषज्ञ का बयान लिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि यौन उत्पीड़न का कोई सबूत नहीं मिला है। पुलिस को छात्रा के इंटरनेट सर्च हिस्ट्री से पता चला था कि उसने जहर की गोली के बारे में सर्च किया था। हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज में कोई गड़बड़ी नहीं दिखी। मेडिकल रिपोर्ट आैर पुलिस की जांच आैर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विरोधाभास है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.