बालाघाट। जिले में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे पुलिस अफसरों को भी धमकाने लगे हैं। बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले को खुद को सीबाईआई अधिकारी बताने वाले एक ठग ने फोन कर अश्लील फिल्म देखने का झूठा आरोप लगाया और कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर डराने की कोशिश की। हालांकि, टीआई की सतर्कता से ठगी की वारदात टल गई।
आपके खिलाफ शिकायत आई है…
टीआई मर्सकोले ने बताया कि गुरुवार को उनके मोबाइल पर ट्रू-कॉलर में ‘दोस्त’ नाम से दर्ज एक नंबर से फोन आया। फोनकर्ता ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ फोन पर गंदी फिल्में देखने की शिकायत मिली है। उसने कहा कि मामला गंभीर है और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कर चालान किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- सात साल की मासूम से दरिंदगी, खिलाने के बहाने ले गया पड़ोसी और किया दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार
गंभीर अपराधों से जोड़कर बनाया दबाव
फोन करने वाले ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि इस तरह की गतिविधियां समाज में गंभीर अपराधों को बढ़ावा देती हैं। उसका मकसद साफ तौर पर टीआई पर मानसिक दबाव बनाना था, ताकि डराकर आगे पैसों की मांग की जा सके।
टीआई ने दिखाई समझदारी
करीब दो मिनट तक बातचीत चलती रही। इसी बीच टीआई मर्सकोले ने कॉलर से अधिक जानकारी लेने की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने कहा कि वे इस बारे में अपने परिचितों को भी बता रहे हैं, कॉलर ने तुरंत फोन काट दिया। इससे साफ हो गया कि मामला साइबर ठगी का प्रयास था।
ये भी पढ़ें- जीटी एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर दो युवकों की मौत, दोस्तों के साथ कर रहे थे यात्रा
तुरंत 1930 पर शिकायत
घटना के तुरंत बाद थाना प्रभारी ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद संदिग्ध मोबाइल नंबर को ब्लॉक करा दिया गया है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की अपील: डरें नहीं, सतर्क रहें
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी खुद को सीबीआई/पुलिस/कोर्ट अधिकारी बताकर फोन करे तो तुरंत भरोसा न करें। डराने या बदनाम करने की धमकी मिलने पर घबराएं नहीं और तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। नजदीकी थाने या साइबर नोडल थाने को सूचना दें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.