प्राथमिक कक्षाओं में लड़कों को अभी प्रवेश नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीबीएसई से संबद्ध विद्यालय के रूप में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन निर्धारित सीटों में से लगभग 80 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश हो चुका है। शेष सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी रहेगी।
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वह समय रहते अपने बच्चों के प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करें ताकि कक्षाओं का संचालन तय समय पर और सुचारू रूप से शुरू किया जा सके। प्राचार्य राखी पंडित ने बताया कि यह संस्थान पहले हिमाचल प्रदेश बोर्ड के तहत संचालित होता था और अब सीबीएसई से संबद्ध होने के बाद शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार किया जा रहा है। सीबीएसई की नई गाइडलाइन के तहत बाल वाटिका से लेकर कक्षा एक से कक्षा नौ तक के लिए प्रवेश शुरू किए हैं। प्राथमिक अनुभाग के पीएम श्री प्राइमरी स्कूल होने और विद्यालय के पूरी तरह छात्राओं के लिए सीबीएसई से संबद्ध होने के कारण प्राथमिक कक्षाओं में लड़कों को फिलहाल प्रवेश नहीं दिया जा रहा। विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस विषय में उच्च अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि सीबीएसई से जुड़ने के बाद पाठ्यक्रम, मूल्यांकन व्यवस्था और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार लागू किया जाएगा।
लालपानी स्कूल भी सीबीएसई में बदला
ऐतिहासिक लालपानी स्कूल भी नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सीबीएसई बोर्ड में शामिल हो गया है। वर्ष 1862 में लड़कों के स्कूल के रूप में स्थापित यह संस्थान 163 वर्षों बाद सहशिक्षा प्रणाली में बदल गया है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्राएं भी कक्षा छह से कक्षा बारह तक प्रवेश ले सकती हैं। प्रधानाचार्य पवन कुमार सोनी ने बताया कि प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल और जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू होने के बाद शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार होगा।