दतिया जिले में हाल के दिनों में हत्या और अन्य गंभीर अपराधों की घटनाओं के बाद सियासत तेज हो गई है। अपराध के बढ़ते ग्राफ को लेकर कांग्रेस और भाजपा के पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। ठंड के मौसम में जहां तापमान गिरा हुआ है, वहीं दतिया की राजनीति में बयानबाजी का पारा लगातार चढ़ता नजर आ रहा है।
कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती ने दतिया में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिले में आए दिन हत्या, दुष्कर्म और अन्य संगीन वारदातें सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है। विधायक का आरोप है कि अवैध उत्खनन खुलेआम चल रहा है और इसके पीछे भाजपा नेताओं, अधिकारियों और माफिया का गठजोड़ काम कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि माफिया सरकारी जमीनों पर कब्जा कर उन्हें बेच रहे हैं और इन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। बसई क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के रिश्तेदार पुलिस की मिलीभगत से जुआ खिलवा रहे हैं।कांग्रेस विधायक के इन आरोपों पर भाजपा की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई। एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राजेंद्र भारती के बयानों को निराधार बताते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उन पर आरोप लगाना आसान है, लेकिन विधायक को यह बताना चाहिए कि उन्होंने अपने ढाई साल के कार्यकाल में जिले के लिए क्या विकास कार्य किए। मिश्रा ने सवाल उठाया कि यदि अपराध को लेकर विधायक गंभीर हैं तो वे विधानसभा में सवाल क्यों नहीं उठाते और डीजीपी से शिकायत क्यों नहीं करते। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक द्वारा लगाए गए सवालों में वे अक्सर अनुपस्थित रहते हैं।
ये भी पढ़ें- हिंदू सम्मेलन में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान, आरएसएस को लेकर कही ये बड़ी बात
नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा कि वर्तमान दतिया कलेक्टर और एसपी की नियुक्ति में भी कांग्रेस विधायक की भूमिका रही है। उन्होंने अपनी ही सरकार के अधिकारियों पर भी निशाना साधते हुए उन्हें अकर्मण्य और नकारा करार दिया, जिससे प्रशासनिक हलकों में भी हलचल देखी गई। कुल मिलाकर अपराध के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक ओर कांग्रेस कानून-व्यवस्था और अवैध गतिविधियों को लेकर सरकार को घेर रही है, तो दूसरी ओर भाजपा कांग्रेस विधायक के कामकाज और मंशा पर सवाल उठा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.