मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के थाना गंज क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को आहत करने की एक गंभीर घटना सामने आई है। हिंदू सम्मेलन के अवसर पर लगाए गए भगवा झंडों को रात के समय उतारकर जलाने के मामले में गंज पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार लोहिया वार्ड निवासी 21 वर्षीय बसंत साहू ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 जनवरी की रात नंदी चौक, बाबा विश्वनाथ मंदिर की गली और आसपास के क्षेत्रों में हिंदू सम्मेलन के उपलक्ष्य में भगवा झंडे लगाए गए थे। 10 जनवरी की सुबह जब सकल हिंदू समाज द्वारा प्रभात फेरी निकाली जा रही थी, तब नंदी चौक पहुंचने पर यह सामने आया कि खंडेलवाल जी के घर के पास लगे लगभग 30 से 40 झंडे गायब हैं। तलाश करने पर पुष्पराज मिश्रा की आटा चक्की के पास 8 से 10 भगवा झंडे जले हुए हालात में मिले।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना गंज में बीएनएस की धारा 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान लोहिया वार्ड निवासी तौफिक खान (23 वर्ष) और मुशरफ खान (23 वर्ष) को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी बैतूल सुनील लाटा, थाना प्रभारी गंज डीएसपी शैफा हाशमी सहित गंज और कोतवाली थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
ये भी पढ़ें- अमरपाटन में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक की मौत, चार घायल
बैतूल एसपी निश्चल झारिया का कहना है कि पुलिस को गंज क्षेत्र के लोहिया बाजार से भगवा झंडे हटाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर थाना गंज पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें रहमान भाइ की दुकान के कैमरे से रात लगभग 1:15 बजे दो युवक बाइक से आते हुए दिखाई दिए। फुटेज में स्पष्ट हुआ कि मुशरफ और तौफिक नामक युवक मौके पर पहुंचे और झंडों को हटाकर आग के हवाले किया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को चिन्हित कर तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विधि अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने जिलेवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने, सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का अनुरोध किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई सभी के लिए स्पष्ट संदेश है कि जो भी अपराध करेगा, उसके खिलाफ पुलिस कठोर और निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.