गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कलेक्टर लीना कमलेश मंडाबी के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मध्य-प्रदेश राज्य से अवैध रूप से धान लाए जाने की सूचना पर ग्राम धनपुर में कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से लगभग 30 क्विंटल धान जब्त किया गया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 93 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्रशासन को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही तहसीलदार मरवाही प्रीति शर्मा के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहन में अवैध धान पाए जाने पर धान सहित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया।
जब्त किए गए धान एवं वाहन को रक्षित आरक्षित केंद्र अमरपुर, पेंड्रा में सुपुर्द किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जब्त वाहन किसी स्थानीय नेता से संबंधित बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और खरीदी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.