धनबाद पुलिस ने शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) से शनिवार रात चोरी हुए नवजात बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है। बच्चे को भूली ओपी क्षेत्र की रेगुनी बस्ती से बरामद किया गया।
पुलिस ने बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया है। इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक अस्पताल का भी कर्मी भी शामिल है।
सीसीटीवी में दिखे थे आरोपी महिला-पुरुष शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) से दो दिन के नवजात की चोरी हुई थी। अस्पताल के गायनी वार्ड में महिला व पुरुष आए और खुद को अस्पताल का कर्मचारी बता नवजात की दादी को झांसे में लेकर बच्चा उठाकर ले भागे। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला नवजात को गोद में लिए और पीछे-पीछे पुरुष जाता दिखा था।
रेगुनी बस्ती में बच्चे के होने की जानकारी मिली सके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और जांच के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान अस्पताल परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन तथा स्थानीय सूचनाओं का विश्लेषण किया गया। इसी आधार पर पुलिस को भूली ओपी क्षेत्र की रेगुनी बस्ती में बच्चे के होने की जानकारी मिली। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी कर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
बच्चे की हालत स्थिर और सुरक्षित
बरामदगी के तुरंत बाद नवजात को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे की हालत स्थिर और सुरक्षित है। जांच के बाद बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस घटना के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है।
एसएसपी ने मां को बेबी किट भी प्रदान किया
बच्चे की बरामदगी के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, नगर अधीक्षक ऋत्विक श्रीवास्तव, विधि व्यवस्था उपाधीक्षक नौशाद आलम, सरायढेला थाना प्रभारी और JMM के कई नेता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मां और बच्चे के परिवार से मुलाकात की। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मां को बेबी किट भी प्रदान किए।
रात 1 बजे बच्चे को सुरक्षित बरामद किया
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विधि व्यवस्था उपाधीक्षक और सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत सिंह ने रात 1 बजे बच्चे को सुरक्षित बरामद किया। चारों आरोपी से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.